डिजिटल ऑनबोर्डिंग के माध्यम से आवास ऋण स्वीकृति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे ग्राहकों को तेज़ और आधुनिक वित्तीय सेवाएं मिलेंगी : कुंतल कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक
चण्डीगढ़ : दैनिक अमृत धारा (डॉ रविन्द्र पोपली)भारत की सबसे बड़ी हाउसिंग फाइनेंस कंपनी एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने आज चंडीगढ़ सेक्टर-22 सी में अपने नए क्लस्टर कार्यालय का उद्घाटन किया। इस कदम के साथ कंपनी ने उत्तरी भारत में अपनी मौजूदगी को और सशक्त किया है।
यह क्लस्टर कार्यालय पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू के ग्राहकों की आवासीय जरूरतों को पूरा करेगा और सभी प्रकार के गृह ऋण समाधान-स्वीकृति से लेकर वितरण तक-के लिए एक केंद्रीकृत केंद्र के रूप में काम करेगा।
उद्घाटन समारोह में कुंतल कुमार (क्षेत्रीय प्रबंधक, उत्तरी क्षेत्र, नई दिल्ली) ने मुख्य अतिथि के रूप में रिबन काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कृष्णकांत शर्मा (उप क्षेत्रीय प्रबंधक, विपणन, उत्तरी क्षेत्र), चरणजीत सिंह (प्रबंधक संचालन, चंडीगढ़), सचिन गुप्ता (क्लस्टर प्रमुख, चंडीगढ़), अनिल गखड़ और अनूप शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि कंपनी डिजिटल ऑनबोर्डिंग के माध्यम से आवास ऋण स्वीकृति पर विशेष ध्यान दे रही है, जिससे ग्राहकों को तेज़ और आधुनिक वित्तीय सेवाएं मिलेंगी।
एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड समाज के सभी वर्गों को निर्माण, मरम्मत, नवीनीकरण और व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए आवास ऋण प्रदान करती है। कंपनी व्यावसायिक संपत्तियों के लिए भी लोन उपलब्ध कराती है। हाल ही में एनएचबी द्वारा सर्वश्रेष्ठ आवास वित्त कंपनी का खिताब पाने वाली यह संस्था अपने ग्राहक-केंद्रित और पारदर्शी सेवाओं के लिए जानी जाती है।
कंपनी का कहना है कि नए क्लस्टर कार्यालय के संचालन से न केवल क्षेत्रीय ग्राहकों को तेज़ और सुविधाजनक सेवाएं मिलेंगी, बल्कि उत्तरी भारत में व्यवसाय विस्तार को भी मजबूती मिलेगी।



