थाना शहर रतिया पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा

रतिया, 14 दिसंबर।(नरेन्द्र बंसल)
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन हॉटस्पॉट डॉमिनेशन के तहत थाना शहर रतिया पुलिस ने नशीले कैप्सूल के सेवन से युवक की मृत्यु के मामले में एक और आरोपी को काबू करने में सफलता हासिल की है। काबू किए गए आरोपी की पहचान जतिन कुमार पुत्र कश्मीर लाल निवासी मढ के रूप में हुई है, जिसे माननीय न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में इससे पहले दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
थाना शहर रतिया प्रभारी महिला निरीक्षक पुष्पा ने बताया कि दिनांक 11.12.2025 को सरकारी अस्पताल रतिया से युवक अमन मित्तल की इलाज के दौरान मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई थी। मृतक के ताया सुनील कुमार द्वारा दिए गए बयान के आधार पर प्राथमिक जांच में सामने आया कि युवक नशीले कैप्सूल का सेवन करता था, जिससे उसकी मृत्यु हुई।
मामले में थाना शहर रतिया में अभियोग संख्या 292 दिनांक 11.12.2025 धारा 105, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। गहन जांच के दौरान पुलिस ने इस प्रकरण में संलिप्त तीसरे आरोपी जतिन कुमार को काबू कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है तथा अन्य पहलुओं को भी गंभीरता से खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts