कालका (दैनिक अमृतधारा)
पंडित केदारनाथ शर्मा हॉस्पिटल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से हर रविवार की भाँति इस बार भी कालका विधानसभा क्षेत्र में निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित किया गया। इस बार कैंप का आयोजन शिव नगर खिल्ला कालोनी, वार्ड नंबर 06, शिव मंदिर परिसर में किया गया।
कैंप में सामान्य रोग विशेषज्ञ डॉ. कुलदीप दुबे एवं डॉ. बुरहान अहमद, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. कुणाल वर्मा तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश उपस्थित रहे और उन्होंने लोगों की स्वास्थ्य जाँच कर परामर्श दिया।
कैंप में बड़ी संख्या में पहुँचे लोगों ने निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया। कुल 325 से अधिक मरीज़ कैंप में पंजीकृत हुए, जिनमें सामान्य रोग के 102, हड्डी रोग के 91, नेत्र रोग के 54 तथा रक्त जाँच के 78 मरीज़ शामिल रहे।
कैंप में आए लोगों के हैप्पी कार्ड, आयुष्मान कार्ड और फैमिली आईडी से संबंधित समस्याएँ भी वहीं पर सुलझाई गईं तथा नए हैप्पी कार्ड भी बनाए गए। निःशुल्क रक्त जाँच के साथ-साथ मरीजों को आवश्यक दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई गईं।
कालका विधायक शक्तिरानी शर्मा के मार्गदर्शन में हर रविवार को कालका विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित किए जाते हैं। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल के लिए विधायक शक्तिरानी शर्मा का हार्दिक धन्यवाद प्रकट किया।



