यमुनानगर,(अंजू प्रवेश कुमारी दैनिक अमृत धारा)
खजूरी रोड स्थित एक फैक्ट्री के बाहर खड़ी कार में मंगलवार को अचानक आग लग जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते कार से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। हालांकि स्थानीय लोगों और दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार फैक्ट्री के बाहर रोजाना की तरह खड़ी थी। अचानक वाहन के अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। कार के मालिक ने बताया कि उन्होंने यह वाहन करीब चार माह पहले लगभग 12 लाख रुपये में खरीदी थी। उनका कहना है कि वाहन नियमित रूप से फैक्ट्री के बाहर खड़ा किया जाता था और पहले कभी कोई तकनीकी समस्या सामने नहीं आई।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण सफल नहीं हो सके। समय रहते दमकल विभाग के पहुंचने से कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की नियमित जांच करवाएं और किसी भी प्रकार की विद्युत खराबी को नजरअंदाज न करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts