चण्डीगढ़ : दैनिक अमृत धारा/ रविन्द्र पोपली: खादी ग्रामोद्योग भवन, सेक्टर-22-डी में आज गांधी जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर प्रति वर्ष की तरह खादी उत्पादों पर 20 प्रतिशत विशेष छूट की शुरुआत भी की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. पलवी राम पाल द्वारा गांधी जी के प्रिय भजन वैष्णव जन तो तेने कहिए, जे पीर पराई जाने रे की मधुर प्रस्तुति से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भावुक एवं प्रेरणादायी बना दिया। खादी ग्रामोद्योग भवन, सेक्टर-22-डी क्षेत्रीय पंजाब खादी मंडल, खरड़ द्वारा संचालित है। इस अवसर पर समाजसेवी केके शारदा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ साहित्यकार प्रेम गर्ग, डॉ अनीस गर्ग व अशोक नादिर आदि भी उपस्थित थे। केके शारदा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और रिबन काटकर विशेष खादी बिक्री छूट का शुभारंभ किया। उन्होंने खाड़ी के परिधानों के फायदे गिनाते हुए जनता से खादी के अधिकाधिक इस्तेमाल पर जोर दिया। संस्था के सचिव सोहनलाल सैनी एवं अध्यक्ष देवीदास भारद्वाज द्वारा मुख्य अतिथि को बुके भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर परवीन दुगल, अध्यक्ष, मार्केट एसोसिएशन, दमनप्रीत सिंह बादल, पार्षद, नगर निगम, परमजीत सिंह, निदेशक, रीजनल सेंटर फॉर एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट आदि ने गांधी जी के जीवन, विचारधारा और उनके योगदान पर अपने विचार रखे।



