यमुनानगर(अंजू प्रवेश कुमारी दैनिक अमृत धारा)गुलाबगढ़ गांव के बाहर शराब का ठेका खोले जाने के विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की गलियों और माहौल में नशे का फैलाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों ने ठेका बंद करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया और अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने प्रशासन से स्पष्ट कहा कि गांव के मुख्य रास्ते पर शराब ठेका खोले जाने से ग्रामीणों और बच्चों की सुरक्षा प्रभावित होगी। इसी कारण ग्रामीणों ने इस फैसले को गलत ठहराते हुए ठेका हटाने की मांग की।
गांव के लोगों का कहना है कि दो दिन के भीतर यदि प्रशासन ठेका हटाने का आश्वासन नहीं देता, तो वे मजबूरन उग्र आंदोलन करेंगे। वहीं महिलाओं ने भी ठेका बंद करने की अपील करते हुए कहा कि इससे परिवार और बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि गांव का माहौल खराब करने की इजाजत किसी भी हालत में नहीं दी जाएगी।
प्रदर्शन में कई गांववासी उपस्थित रहे और सभी ने एकजुट होकर शराब ठेका बंद करने की मांग दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts