छछरौली (अंजू प्रवेश कुमारी दैनिक अमृत ) छछरौली की अनाज मंडी में 76वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, देशभक्ति और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाया गया। इस भव्य आयोजन की मुख्य अतिथि यमुनानगर की महापौर सुमन बहमनी रहीं। कार्यक्रम स्थल को तिरंगे रंगों, फूलों की मालाओं और आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया था।
इस अवसर पर छछरौली क्षेत्र के विभिन्न सरकारी व निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शानदार झांकी रही, जिसे निर्णायक मंडल द्वारा प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। यह झांकी राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, छछरौली के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई थी। झांकी में भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति और राष्ट्रीय एकता का सुंदर चित्रण किया गया।
इस झांकी में भाग लेने वाली छात्राओं ने विशेष भूमिका निभाई, जो झांकी में विराजमान दिखाई दीं। सभी छात्राओं के आत्मविश्वास और अनुशासन की दर्शकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
मुख्य अतिथि महापौर सुमन बहमनी ने बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि “ऐसे कार्यक्रम बच्चों में देशप्रेम, संस्कार और आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं। बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और यह झांकी इसका सजीव उदाहरण है।”
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। आयोजन में स्थानीय प्रशासन, शिक्षकगण, अभिभावक, समाजसेवी संस्थाएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts