सुप्रीम कोर्ट में भारत के चीफ जस्टिस (CJI) सूर्यकांत की बेंच में सोमवार सुबह एक वकील यह शिकायत लेकर पहुंचा कि उसे दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में कोर्ट रूम के अंदर जज के सामने पीटा गया है। इसपर सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि ‘गुंडा राज स्वीकार्य’ नहीं है। उन्होंने पहले पीड़ित वकील को दिल्ली हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस के पास जाने को कहा और शिकायत की एक कॉपी उन्हें भी देने के निर्देश दिए। वकील का दावा है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने से दिल्ली पुलिस भी डर रही है।
सुप्रीम कोर्ट में सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस एन वी अंजारिया की बेंच के सामने उस वकील ने पिछले शनिवार (7 फरवरी, 2026) की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वह तीस हजारी कोर्ट में एडिश्नल डिस्ट्रिक्ट जज हरजीत सिंह पाल की अदालत में एक आरोपी की ओर से पेश हो रहे थे। तभी शिकायतकर्ता के वकील कई गुंडों के साथ कोर्ट रूम में घुसे और जज के सामने ही उन्हें और अन्य आरोपियों को पीट दिया।



