- 14 फरवरी को बार एसोसिएशन के अभिनंदन समारोह में शिरकत करेंगे सीजेआई सूर्यकांत
- इंस्पेक्टिंग जज जस्टिस विकास सूरी ने लिया जिला बार परिसर में तैयारियों का जायजा
रोहतक।
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस सूर्यकांत के 14 फरवरी को प्रस्तावित रोहतक दौरे को लेकर न्यायिक और प्रशासनिक हलकों में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रोहतक के इंस्पेक्टिंग जज जस्टिस विकास सूरी ने शनिवार को बिना किसी पूर्व सूचना के जिला न्यायालय परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चौ. रणबीर सिंह हाल, पार्किंग परिसर, लिटिगेंट हाल और तीन नंबर गेट से एंट्री और अन्य व्यवस्थाओं को भी जाना। उनके इस अचानक दौरे की जानकारी न तो किसी प्रशासनिक अधिकारी को थी और न ही न्यायिक या बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों को।
इंस्पेक्टिंग जज के रोहतक पहुंचने के करीब एक घंटे बाद जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों को सूचना मिली कि जस्टिस विकास सूरी जिला अदालत व बार परिसर का निरीक्षण कर रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, न्यायिक अधिकारी और बार एसोसिएशन के पदाधिकारी जिला न्यायालय परिसर में पहुंचे और उनसे मुलाकात की।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक हुड्डा ने बताया कि इतने बड़े पद पर आसीन होने के बावजूद इंस्पेक्टिंग जज जस्टिस विकास सूरी ने किसी भी तरह की औपचारिकता नहीं दिखाई। उनका व्यवहार अत्यंत सौहार्दपूर्ण और सरल रहा, जिसने सभी को प्रभावित किया। उन्होंने न्यायालय परिसर की व्यवस्थाओं, सुविधाओं और तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया और आवश्यक सुझाव भी दिए। हालांकि, बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि यदि निरीक्षण की पूर्व सूचना होती, तो वे सीजेआई के प्रस्तावित दौरे को ध्यान में रखते हुए कुछ अतिरिक्त व्यवस्थाएं और बेहतर ढंग से कर सकते थे। इसके बावजूद अचानक निरीक्षण को न्यायिक प्रणाली की सक्रियता और गंभीरता के रूप में देखा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान इंस्पेक्टिंग जज जस्टिस विकास सूरी ने जिला बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक हुड्डा, अन्य पदाधिकारियों और सेशन जज अजय तेवतिया से भी मुलाकात की। उनकी सादगी का उदाहरण उस समय भी देखने को मिला, जब उन्होंने सलामी देने के लिए आई पुलिस गार्द को लौटा दिया। इसके साथ ही वापसी के दौरान पुलिस पायलट से एस्कॉर्ट लेने से भी उन्होंने इनकार कर दिया। जस्टिस विकास सूरी का यह दौरा न केवल सीजेआई के आगामी कार्यक्रम की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है, बल्कि उनके सरल, सहज और अनुकरणीय व्यवहार की भी शहरभर में चर्चा हो रही है।
Check latest article from this author !