• किसान मंडियों में 17 प्रतिशत से अधिक नमी वाला धान न लेकर आएं
• धान की पराली जलाने की बजाय आधुनिक मशीनरी का इस्तेमाल करें किसान

मोगा, 24 सितंबर (सूरज जेन/रजनीश) देनिक अमृत धारा
पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार, जिला मोगा की मंडियों में धान की खरीद के पुख्ता प्रबंध कर लिए गए हैं। किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित मानक के अनुसार 17 प्रतिशत से अधिक नमी वाला धान मंडियों में न लेकर आएं। धान की फसल को सुखाकर ही मंडी में लाएं ताकि फसल को बिना किसी देरी के खरीदा जा सके। यह बात डिप्टी कमिश्नर मोगा श्री सागर सेतिया ने कही।
डिप्टी कमिश्नर श्री सागर सेतिया ने बताया कि जिले की 108 मंडियों में सफाई, पानी, रोशनी, अस्थायी बाथरूम आदि की पूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि पराली प्रबंधन के लिए इस साल किसानों को 300 आधुनिक मशीनें सब्सिडी पर उपलब्ध करवाई गई हैं और करीब 4800 मशीनरी पहले से ही जिले के किसानों के पास उपलब्ध है। उन्होंने जिले के सभी कंबाइन मालिकों और ऑपरेटरों को आदेश दिया कि बिना सुपर एस.एम.एस. सिस्टम के कटाई न करें और शाम 6 बजे से सुबह 10 बजे तक कंबाइन से धान काटने पर रोक का सख्ती से पालन करें।
उन्होंने कहा कि पराली को खेत में निपटाने के साथ-साथ इसके गट्ठर बनाकर व्यावसायिक तरीके से भी उपयोग किया जा सकता है। खेतों में बचे अवशेष को आग लगाने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है क्योंकि ऐसी स्थिति में चालान भी किए जाते हैं। इससे बचने के लिए किसानों को अवशेष का उचित प्रबंधन करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts