चण्डीगढ़ : दैनिक अमृत धारा/रविन्द्र पोपली : रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-26 के प्रधान एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कृष्ण लाल ने नगर निगम के मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा को पद से हटाए जाने की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भाजपा के नेता ईमानदार अफसरों को टिकने नहीं देते। कृष्ण लाल ने कहा कि संजय अरोड़ा एक ईमानदार, साफ-सुथरी छवि वाले और जनहित में काम करने वाले अधिकारी हैं, जिन्होंने चंडीगढ़ में इंजीनियरिंग विभाग के विभिन्न पदों पर अपनी निष्ठापूर्वक सेवाएं दी हैं। उन्हें शहर में मेहनती और निष्पक्ष अफसर के रूप में जाना जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के एक वरिष्ठ नेता संजय अरोड़ा से कुछ गलत काम करवाना चाहते थे, जिसे  अरोड़ा ने करने से साफ इनकार कर दिया। इस कारण उन्हें पद से हटा दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित नगर निगम चंडीगढ़ के विकास कार्यों के लिए आवश्यक फंड लाने में नाकाम रही है, जिसके कारण सड़कों की हालत खराब, पार्कों की देखरेख में कमी और शहर की समग्र विकास प्रक्रिया ठप हो गई है। कृष्ण लाल ने कहा कि चंडीगढ़ की यह दुर्दशा शहर के इतिहास में पहली बार देखने को मिली है।
कृष्ण लाल ने आगे कहा कि भाजपा अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए ईमानदार और कार्यकुशल अफसरों को निशाना बना रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी विजय कुमार देव, manoj pareeda, यशपाल गर्ग, तथा डीजीपी सुरेन्द्र कुमार यादव जैसे ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों का भी भाजपा के इशारे पर कार्यकाल पूरा होने से पहले ही रातों-रात तबादला कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि यह घटनाएं साफ दर्शाती हैं कि भाजपा शासन में चंडीगढ़ में ईमानदार अधिकारियों के लिए कोई जगह नहीं बची है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts