यमुनानगर ,(अंजू प्रवेश कुमारी दैनिक अमृत धारा)जिले के दुर्गा गार्डन क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक निजी क्लिनिक पर छापा मारा। यह कार्रवाई पीएनडीटी टीम और ड्रग कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। जांच के दौरान क्लिनिक से भारी मात्रा में एलोपैथिक दवाएं और इंजेक्शन बरामद किए गए, जिनसे संबंधित कोई वैध लाइसेंस या खरीद के दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए।
जांच अधिकारियों के अनुसार, क्लिनिक संचालक न तो दवाओं के भंडारण और उपयोग का कोई अधिकृत प्रमाण प्रस्तुत कर सका और न ही स्टॉक से जुड़ा रजिस्टर मेंटेन किया गया था। यह स्थिति औषधि नियमों का गंभीर उल्लंघन मानी जा रही है।
ड्रग कंट्रोल विभाग ने बताया कि क्लिनिक पर अंग्रेजी दवाओं का अवैध रूप से भंडारण किया जा रहा था और संबंधित व्यक्ति के पास इन्हें रखने अथवा मरीजों को देने का कोई वैधानिक लाइसेंस नहीं था। टीम ने मौके से छह संदिग्ध दवाओं के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही बिना पंजीकरण क्लिनिक चलने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी कड़ी में यह कार्रवाई की गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और बिना लाइसेंस क्लिनिक चलाने वालों पर आगे भी सख्ती जारी रहेगी



