24 किलो का विशाल निर्वाण लड्डू तथा एक-एक किलो के 51 निर्वाण लड्डू अर्पित किए
भगवान महावीर स्वामी के उपदेश क्षमा, करुणा और सत्य का संदेश आत्मसात किया
लड्डू का गोल आकार आत्मा की पूर्णता और अनंतता को दर्शाता है तथा मिठास आत्मा की निर्मलता और आनंद का प्रतीक है : धर्म बहादुर जैन
चण्डीगढ़ : दैनिक अमृत धारा/ रविन्द्र पोपली : आज श्री दिगंबर जैन मंदिर, सेक्टर 27 में भगवान महावीर स्वामी का 2552वां निर्वाण महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह भगवान महावीर स्वामी के अभिषेक से हुआ।
मूलनायक भगवान महावीर स्वामी का प्रथम अभिषेक एवं शांतिधारा मांगी लाल जैन परिवार द्वारा तथा द्वितीय अभिषेक एवं शांतिधारा डॉ. संयोग जैन द्वारा संपन्न की गई। भगवान महावीर स्वामी की छोटी प्रतिमा का प्रथम अभिषेक एवं शांतिधारा धर्म बहादुर जैन परिवार द्वारा तथा द्वितीय अभिषेक एवं शांतिधारा अतुल जैन परिवार द्वारा संपन्न की गई।
शांतिधारा के उपरांत निर्वाण लड्डू अर्पित किए गए, जिनमें 24 किलो का विशाल निर्वाण लड्डू नितिन जैन द्वारा अर्पित किया गया, तथा 51 लड्डू (प्रत्येक 1 किलोग्राम) अन्य श्रद्धालुओं द्वारा भगवान महावीर स्वामी को समर्पित किए गए। इसके अलावा सैंकड़ों श्रावकों द्वारा छोटे लड्डू अर्पित किये गए। श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर की ओर से किशोरीलाल जैन, प्रदीप जैन, पंडित संदीप जैन एवं अन्य श्रद्धालुओं ने मंदिर कमेटी के अध्यक्ष धर्मबहादुर जैन के साथ मिलकर भगवान को लड्डू अर्पित किया।
धर्मबहादुर जैन ने बताया कि निर्वाण लड्डू जैन धर्म में अत्यंत पवित्र और शुभ प्रतीक माने जाते हैं। इसका संबंध भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण दिवस (दीपावली) से जुड़ा हुआ है। जब भगवान महावीर ने मोक्ष प्राप्त किया, तब सभी देवों ने आनंद और उल्लास व्यक्त करने के लिए ‘निर्वाण लड्डू’ अर्पित किए। तब से सभी जैन मंदिरों में निर्वाण दिवस या किसी अति शुभ धार्मिक अवसर पर निर्वाण लड्डू चढ़ाने की प्रथा चलती आ रही है। उनके मुताबिक इसके कुछ सांकेतिक अर्थ भी हैं जैसे कि लड्डू का गोल आकार आत्मा की पूर्णता और अनंतता को दर्शाता है। मिठास आत्मा की निर्मलता और आनंद का प्रतीक है। साथ ही अर्पण की भावना आत्म-त्याग और मोक्ष मार्ग की साधना का संदेश देती है।
पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, शांति और पवित्रता का वातावरण रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक के इस पावन अवसर पर सहभागिता की ,कार्यक्रम का संचालन श्री दिगंबर जैन सोसायटी, चंडीगढ़ के पदाधिकारियों के नेतृत्व में हुआ।इस अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष एडवोकेट आदर्श जैन, महामंत्री संतकुमार जैन, कोषाध्यक्ष राजाबहादुर सिंह जैन व सदस्यगण करुण जैन, शरद जैन, रमेश जैन, विजय जैन, दामोदर जैन आदि भी मौजूद रहे।
शाम के समय दीप प्रज्वलन, भक्ति गीतों एवं आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान महावीर स्वामी के उपदेश क्षमा, करुणा और सत्य का संदेश आत्मसात किया।



