चांदी। श्री सनातन धर्म मंदिर ट्रस्ट चांदी द्वारा रामलीला ग्राउंड स्थित मंदिर प्रांगण में आयोजित 22वां वार्षिकोत्सव समारोह 13 फरवरी से 15 फरवरी तक श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष जोगेंद्र कथूरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कार्यक्रम को ऐतिहासिक सफलता प्रदान की।
कार्यक्रम का शुभारंभ 13 फरवरी को भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभा यात्रा में मुख्य आकर्षण का केंद्र बाल रूप में भगवान राम एवं लक्ष्मण की झांकी रही l शोभा यात्रा को हरी झंडी दिखाने के लिए जूना अखाड़ा के महासचिव बाबा कमलापुरी जी पहुंचे l भजन संध्या की शुरुआत सिद्ध बाबा दुलीनाथ ने अपने हरियाणवी अंदाज में हरियाणवी भजनों से की l रात्रि में आयोजित भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायिका श्रेया कौशिक एवं लिटिल चैंपियन गायक वंश चांदी ने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
14 फरवरी की प्रातः राम कथा का आयोजन किया गया, सायं सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसके उपरांत विशाल भजन संध्या में हुबहु गुरदास मान की तरह गायकी के लिए मशहूर सुप्रसिद्ध पंजाबी गायक शमिंदर शम्मी ने भक्ति रस की अविरल धारा प्रवाहित की। इस कार्यक्रम के दौरान हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्ढा के भाई राजन चिलाना उन की अनुपस्थिति में कार्यक्रम में हाजी लगाने पहुंचे l राजन चिलाना ने बताया कि उन्हें लगा कि मैं अपने दूसरे घर में बैठा हूं मुझे सभी लोग अपने लगे और अपनों के बीच जाकर बहुत खुश हूं l
15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रातःकाल विशाल हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। भजन गायिका पूनम परदेसी ने शिव एवं राधा रानी के भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर एक विशाल स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें एल.पी.एस. बोसार्ड के निदेशक राजेश जैन एवं होली हार्ट हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर आदित्य बत्रा ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। स्वास्थ्य जांच शिविर की मुख्य धूरी डॉक्टर सतपाल भाटिया रहे l इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
भाजपा मंडल अध्यक्ष रॉकी सहगल अमित मग्गू एवं कांग्रेस नेता कृष्ण छाबड़ा सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई।
संत समाज से उपआचार्य, गोकर्ण पीठाधीश्वर स्वामी कपिल पुरी जी महाराज, जूना अखाड़ा के महासचिव बाबा कमलापुरी जी महाराज, सिद्ध बाबा दुलीनाथ जी एवं रामाश्रम के महंत अशोक जी महाराज का सान्निध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ।
ट्रस्ट की और से कार्यकारी अध्यक्ष जोगेंद्र कथूरिया ने वार्षिकोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने में इस प्रकार के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह की सफलता के लिए सभी सहयोगियों को धन्यवाद दिया गया।



