दैनिक अमृत धारा कैथल, 22 अक्तूबर 2025(सुरेंद्र भूना)
कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिन्दल गाँव सोलू माजरा पहुंचे, जहाँ उन्होंने किसान जसबीर के परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। सांसद जिन्दल ने परिवार के सभी सदस्यों से आत्मीय बातचीत की और उन्हें सभी त्योहारों की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान किसान जसबीर ने सांसद नवीन जिन्दल को अपने खेत में ले जाकर बताया कि उन्होंने धान के अवशेष जलाए बिना ही गेहूं की बुआई की है। सांसद नवीन जिन्दल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पर्यावरण-अनुकूल खेती न केवल प्रदूषण घटाती है बल्कि मिट्टी की उर्वरता को भी बनाए रखती है।
सांसद ने खेत का देखते हुए कहा कि किसानों को इस प्रकार की टिकाऊ खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा और इसके लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने इस अवसर पर देसी नस्ल की गायों की जानकारी भी ली और जसबीर को अच्छी नस्ल के पशु पालने के लिए प्रेरित किया।
सांसद जिन्दल ने कहा कि कृषि, पर्यावरण और पशुपालन, तीनों ही ग्रामीण समृद्धि के मूल स्तंभ हैं, और इनके सहयोग से किसानों के नवाचार ही ‘विकसित भारत’ की दिशा तय करेंगे।



