दैनिक अमृत धारा गुहला-चीका,
10 अक्तूबर (सुरेंद्र चौधरी )
आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत — “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” के संकल्प को सशक्त करने के उद्देश्य से बी.डी.पी.ओ. कार्यालय गुहला में एक भव्य विधानसभा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने उपस्थिति दर्ज कराई और कार्यकर्ताओं को स्वदेशी अपनाने तथा स्थानीय उत्पादों के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त करने का संदेश दिया।
पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमें अपने गांव, कस्बे और शहरों में स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग बढ़ाकर ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे विदेशी उत्पादों की जगह भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता दें और “वोकल फॉर लोकल” अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष संजीव मित्तल, जोगा सिंह, सत्यवान सीड़ा, महामंत्री रामकुमार शर्मा, वेद कंबोज, रामदिया नंबरदार, ब्लॉक समिति गुहला चेयरमैन प्रतिनिधि जगतार माजरी सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने आत्मनिर्भर भारत अभियान की भावना को जनआंदोलन बनाने पर बल दिया।
सभी मंडल अध्यक्षों ने एक स्वर में कहा कि यह सम्मेलन न सिर्फ एक कार्यक्रम है, बल्कि एक जन-जागरण है जो समाज के हर वर्ग को जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी स्तर पर “हर घर स्वदेशी” अभियान के तहत घर-घर जाकर लोगों को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि वे अपने दैनिक जीवन में अधिक से अधिक भारतीय उत्पादों का उपयोग करेंगे, जिससे स्थानीय उद्योगों और कारीगरों को प्रोत्साहन मिले।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने “विकसित भारत – आत्मनिर्भर भारत” के नारे लगाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मेक इन इंडिया” व “लोकल फॉर वोकल” मिशन को आगे बढ़ाने का प्रण लिया।



