राज्यभर में 1 से 25 नवंबर तक होंगे विशेष कार्यक्रम, चार नगर कीर्तन और लाइट एंड साउंड शो आकर्षण का केंद्र
22 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में एक साथ पहुंचेंगे नगर कीर्तन
मोगा, 11 अक्टूबर (सूरज जेन/रजनीश) देनिक अमृत धारा
पंजाब सरकार हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित कार्यक्रम पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने जा रही है। राज्य सरकार इस अवसर को विश्व स्तरीय समारोह के रूप में मना रही है। पंजाब के शिक्षा मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस, लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. और पर्यटन विभाग के सलाहकार श्री दीपक बाली ने आज मोगा में जिला प्रशासन के साथ विशेष बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इस मौके पर मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, बाघापुराना के विधायक अमृतपाल सिंह सुखानंद, धर्मकोट के विधायक दविंदरजीत सिंह लाडी ढोंस, उपायुक्त श्री सागर सेतिया, एसएसपी श्री अजय गांधी सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार कई महीनों से गुरु साहिब और उनके अटल सिख साथियों भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाला जी की अद्वितीय शहादत को श्रद्धांजलि देने के लिए व्यापक तैयारियां कर रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि सफाई, रोशनी, संगत के ठहरने, ट्रैफिक और सुरक्षा से जुड़े सभी इंतज़ाम समय से पहले पूरे किए जाएं। साथ ही धार्मिक संस्थाओं और गुरुद्वारा कमेटियों से समन्वय बनाकर सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। बैंस ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत हमारे धार्मिक और ऐतिहासिक विरसे का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “हमारा कर्तव्य है कि हम सेवक बनकर इन पवित्र आयोजनों को श्रद्धा और अनुशासन के साथ संपन्न करें। उन्होंने बताया कि राज्यभर में 1 से 18 नवंबर तक सभी जिलों में लाइट एंड साउंड शो आयोजित किए जाएंगे। मोगा में भी एक भव्य शो में गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, शिक्षाओं और शहादत की झलक प्रस्तुत की जाएगी। चारों नगर कीर्तन 22 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में एक साथ पहुंचेंगे, जहां अंतिम श्रद्धांजलि समारोह होगा।
23 नवंबर को सर्व धर्म सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि शांति और भाईचारे का संदेश देंगे। तीनों दिन भव्य कीर्तन दरबार और ड्रोन शो संगत को आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करेंगे। वही समारोह का समापन 25 नवंबर को “सरबत दा भला” यानी सर्वजन हित और एकता के संदेश के साथ एक विशाल एकत्रता से होगा।



