सांसद नवीन जिन्दल की ओर से युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए हुआ सांसद खेल महोत्सव का आगाज
कैथल, 16 अक्तूबर। सांसद नवीन जिन्दल की ओर से सांसद खेल महोत्सव 2.0 आगाज हो चुका है। पूरे कुरूक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जोरों से चल रही है। आज कैथल भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं। पिछले सांसद खेल महोत्सव में युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए मजबूत प्लेटफॉर्म उपलब्ध करा चुके हैं। उन्होंने कैथल के लोगो से अपील करते हुए कहा कि सांसद खेल महोत्सव में भाग लेने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित करें, ताकि ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों की भागीदारी संभव हो सके।
इस अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल के कैथल कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर 1 नवंबर से सांसद खेल महोत्सव आयोजित किए जाएंगे। इस बार सांसद खेल महोत्सव में कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, जूडो, बॉक्सिंग, कुश्ती, शूटिंग, क्रिकेट, एथलेटिक्स और रस्साकशी सहित 11 खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। आयोजन के पहले चरण में 1 से 20 नवंबर तक विधानसभा स्तर पर मुकाबले होंगे, जबकि दूसरा चरण 7 से 16 दिसंबर तक लोकसभा स्तर पर आयोजित किया जाएगा। 16 दिसंबर को भव्य समापन समारोह होगा।
उन्होंने बताया कि विधानसभा स्तर पर व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रथम पुरस्कार 3,100 और द्वितीय पुरस्कार 2,100 रुपये निर्धारित किया गया है। लोकसभा स्तर पर व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रथम पुरस्कार 10,000, द्वितीय 5,000 और तृतीय पुरस्कार 2,100 रुपये होगा। टीम स्पर्धाओं में विधानसभा स्तर पर विजेता टीम को 50,000 और उपविजेता को 25,000 रुपये मिलेंगे। लोकसभा स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः एक लाख, 50,000 और 21,000 रुपये दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल का विजन है कि खेलों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाए। इसी के तहत 40, 50 और 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों के साथ सरकारी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा कैदियों के लिए जेल परिसर में वॉलीबॉल मैच आयोजित करने की भी योजना है।
उन्होंने बताया कि सांसद खेल महोत्सव में कुरुक्षेत्र मैराथन, एमपी-11 और मीडिया-11 के बीच क्रिकेट मुकाबले तथा पोलो का प्रदर्शनी मैच प्रमुख आकर्षण होंगे। 31 अक्तूबर को कुरुक्षेत्र और 16 नवंबर को कैथल में एमपी-11 तथा मीडिया-11 के बीच क्रिकेट मैच खेला जाएगा। प्रतियोगिताओं का डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सांसद नवीन जिन्दल ने क्षेत्र के खेल स्टेडियमों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की पहल की है। इसकी शुरुआत शाहबाद के मारकंडेश्वर हॉकी स्टेडियम से की जा चुकी है। महोत्सव के लिए पंजीकरण शुरू हो गए हैं। इच्छुक खिलाड़ी ऑनलाइन माध्यम, क्यूआर कोड या संबंधित विधानसभा के आयोजकों के जरिए पंजीकरण करवा सकते हैं।
इस अवसर जिला महामंत्री जंगीर सिसला, जिला महामंत्री मुनीश शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी हिमांशु गोयल, पाला राम, कर्मवीर सिसोदिया गुहला हल्का प्रभारी, अरविंद गोलन पुंडरी हल्का प्रभारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।