*एक पेड़ मां के नाम’ बना जनभागीदारी का संकल्प, राजा बाजार में हुआ पौधारोपण: कुलजीत सिंह चहल

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के उपाध्यक्ष श्री कुलजीत सिंह चहल ने आज केंद्रीय सरकारी कर्मचारी आवासीय कल्याण संघ, एम.एस. फ्लैट्स, टाइप-4, सेक्टर-4, डी.आई.जेड. क्षेत्र, राजा बाजार, नई दिल्ली के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के 40वें लगातार रविवार के अवसर पर पौधारोपण किया। कार्यक्रम में स्थानीय निवासी, आवासीय कल्याण संघ के पदाधिकारी, बच्चे, महिलाएं तथा नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरणा लेते हुए स्थानीय लोगों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाए।

इस अवसर पर आवासीय कल्याण संघ की ओर से अध्यक्ष श्री धर्मवीर जी, महासचिव श्री मनोज बंसल जी, कोषाध्यक्ष श्री सुरेंद्र जी तथा वरिष्ठ सदस्य श्री वैभव बजाज जी, श्री सुधांशु पांडे जी, श्री संजय कुमार मिश्रा जी और श्री कृष्ण कुमार जी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर श्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि लगातार 40 रविवार तक चल रहा यह अभियान इस बात का प्रमाण है कि पर्यावरण संरक्षण अब केवल सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक सतत अभियान बन रहा है।

श्री चहल ने कहा कि पौधा लगाना केवल शुरुआत है, असली जिम्मेदारी उसे जीवित रखकर एक मजबूत पेड़ बनाना है। पौधे को नियमित पानी, उचित देखभाल और सुरक्षा की आवश्यकता होती है। इसलिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश केवल पौधा लगाने तक सीमित न रहकर ‘पौधा लगाएं, पौधे को बचाएं और उसे पेड़ बनाएं’ के संकल्प में बदलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मां के नाम लगाया गया प्रत्येक पौधा भावनात्मक जुड़ाव के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाले वर्षों में छाया, स्वच्छ हवा, हरियाली और बेहतर पर्यावरण का आधार बन सकता है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास लगाए गए पौधों को केवल पौधारोपण की गतिविधि न मानें, बल्कि उनकी जिम्मेदारी लेकर उनके विकास में सहयोग करें।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों और आवासीय कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने क्षेत्र से संबंधित विभिन्न नागरिक समस्याएं एवं मांगें भी श्री चहल के समक्ष रखीं। आवासीय कल्याण संघ द्वारा एम.एस. फ्लैट्स, टाइप-4, सेक्टर-4, डी.आई.जेड. क्षेत्र, राजा बाजार, गोल मार्केट, नई दिल्ली को पुनर्विकास परियोजना से बाहर रखने का अनुरोध किया गया। आवासीय कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि उक्त भवन वर्ष 2017 में नव-निर्मित हुआ था और वर्तमान में अच्छी स्थिति में है।

इसके अलावा क्षेत्र के पार्कों की साफ-सफाई, रखरखाव तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित मुद्दे भी श्री चहल के समक्ष रखे गए।

श्री चहल ने संबंधित अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर समस्याओं का निरीक्षण कर समयबद्ध तरीके से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय कल्याण संघ और स्थानीय निवासियों के साथ नियमित संवाद से क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने और नागरिक समस्याओं के समाधान को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलती है ।

श्री चहल ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अब केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि हर रविवार प्रकृति के साथ जुड़ने और पर्यावरण की जिम्मेदारी लेने का एक सतत जन-अभियान बन रहा है। लगातार 40 रविवार तक इसकी निरंतरता यह दर्शाती है कि जब सरकारी प्रयासों के साथ नागरिकों की भागीदारी जुड़ती है, तो एक छोटी पहल भी लंबे समय तक चलने वाले जन-अभियान का रूप ले सकती है।

उन्होंने कहा कि नई दिल्ली को केवल सुंदर और हरा-भरा बनाना ही लक्ष्य नहीं होना चाहिए, बल्कि यहां की हरियाली को लंबे समय तक सुरक्षित रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। हर लगाया गया पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी ओर से छोड़ी गई हरित विरासत है।

कार्यक्रम में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के सिविल, विद्युत, स्वास्थ्य एवं उद्यान विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts