सांसद खेल महोत्सव में उमड़ा खिलाड़ियों का उत्साह, स्वर्ण पदक विजेता संदीप
जाखड़ और भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
कैथल, 3 नवंबर। सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर आयोजित सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त मंच बन रहा है। महाराजा सूरजमल जाट स्टेडियम में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में कैथल जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय एथलीट एवं स्वर्ण पदक विजेता संदीप जाखड़ रहे, जबकि भाजपा कैथल की जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। स्टेडियम पहुंचने पर खेल प्रेमियों, कोचों और आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का राष्ट्रीय ध्वज भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान अतिथियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का निरीक्षण किया और खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका परिचय लिया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संदीप जाखड़ ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल स्वयं अंतरराष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज रहे हैं और खिलाड़ियों के संघर्ष, उनकी जरूरतों तथा खेलों में आने वाली चुनौतियों को अच्छी तरह समझते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। उनकी पहल से खेल प्रतिभाओं को मंच मिल रहा है।
विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल की यह पहल केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा देने का महत्वपूर्ण अभियान है।
कैथल कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल का विजन है खेलों से युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाया जाए। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और टीम भावना का विकास करते हैं।
इस अवसर पर एचसीएस अधिकारी कृष्ण कुमार, मंडल अध्यक्ष सतबीर शर्मा, लीलू सैनी, गुरमीत कोच, जितेंद्र गिल, आशीष, गुरनाम कसान, जग्गा सैनी, अरविंद गोलन, अनिल सरपंच, वीरेंद्र सारण, संजीव मानस, जसवंत कोच, राजपाल, रणधीर, अनिकेत, संजय सहित नवीन जिन्दल फाउंडेशन के प्रतिनिधि, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।