चंडीगढ़/सुरेंद्र आहूजा) दैनिक अमृत धारा
पीजीआई चंडीगढ़ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं का लोहा मनवाते हुए पूरे शहर को गौरवान्वित किया है। प्रसिद्ध पत्रिका न्यूजवीक (Newsweek) द्वारा स्टेटिस्टा के सहयोग से जारी की गई ‘World’s Best Specialized Hospitals 2027’ की प्रतिष्ठित सूची में पीजीआई को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ अस्पतालों में शामिल किया गया है। संस्थान ने यह वैश्विक मुकाम पांच प्रमुख विशेषज्ञताओं—कार्डियोलॉजी (हृदय रोग), एंडोक्राइनोलॉजी (हार्मोन रोग), ऑन्कोलॉजी (कैंसर), पीडियाट्रिक्स (बाल चिकित्सा) और पल्मोनोलॉजी (फेफड़ों के रोग) में हासिल किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को पीजीआई में मरीजों की बेहतरीन देखभाल, उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा और रिसर्च के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की अंतरराष्ट्रीय पहचान के रूप में देखा जा रहा है, जो देशभर से आने वाले मरीजों को जटिल बीमारियों के इलाज की आधुनिक सुविधा दे रहा है।