पत्रकार समाज और राष्ट्र के हित में समर्पण भाव से करें कार्य : दलबीर सिंह मलिक
अश्विनी वालिया
कुरुक्षेत्र। ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ की जिला कुरुक्षेत्र इकाई की ओर से एक निजी होटल में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और एक-दूसरे को दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह में ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ के मुख्य प्रदेश संरक्षक दलबीर सिंह मलिक, प्रदेश मुख्य सलाहकार राजकुमार वालिया तथा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी वालिया विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य प्रदेश संरक्षक दलबीर सिंह मलिक ने सभी पत्रकार साथियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारों को समाज और राष्ट्र के हित में पूरी निष्ठा एवं समर्पण भाव से कार्य करना चाहिए। पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रकाशन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि दीपावली मिलन एवं होली मिलन जैसे आयोजन आपसी प्रेम, सौहार्द, भाईचारे और संगठनात्मक एकता को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से एक-दूसरे के साथ विचार साझा करने और आपसी संबंधों को प्रगाढ़ बनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आह्वान किया कि वे संगठन की मजबूती के लिए मिल-जुलकर कार्य करें, एक-दूसरे का सहयोग करें और समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रधान गुरदीप सिंह गुजराल ने की, जबकि मंच संचालन जिला महासचिव सुधीर कुमार ने किया। इस अवसर पर संजीव गोयल, कुलवंत सिंह बग्गा, धर्म सिंह जोगना खेड़ा, राजेश भटनागर, अमित गर्ग, करण होरी, हरिदास चनालिया सहित अनेक पत्रकार साथी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में अपना पूर्ण सहयोग दिया और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
अंत में सभी ने संगठन की एकता, मजबूती और समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।