8 सितंबर को एसपी कमलदीप गोयल करेंगे अभियान का शुभारंभ, 10 गांवों के पंच-सरपंच व गणमान्य लोग होंगे शामिल

यमुनानगर।
जिले में बढ़ते नशे के खिलाफ जनजागरूकता की मुहिम को मजबूती देने के लिए शिवाजी प्रेस क्लब यमुनानगर ट्रस्ट और जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में 8 सितंबर को शाम 3:30 बजे छछरौली उपमंडल के गांव देवधर से ‘नशे से जंग, यमुनानगर पुलिस के संग’ अभियान की शुरुआत की जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा नशे की चपेट में आ चुके लोगों को सहयोग देकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाना है।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिला पुलिस कप्तान एसपी कमलदीप गोयल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर एडवोकेट सुशील आर्य जिला समन्वयक जिला पुलिस यमुनानगर नशा विरोधी ,मादक पदार्थ विरोधी सामाजिक अभियान सही राह होंगे।
कार्यक्रम में आसपास के करीब 10 गांवों के पंच-सरपंच, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग भाग लेंगे। जिला पुलिस के संबंधित विंग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे, जबकि प्रतापनगर पुलिस का भी विशेष सहयोग रहेगा।
नशे के खिलाफ एकजुट हुआ देवधर
देवधर गांव लंबे समय से नशे की समस्या से प्रभावित रहा है। हालांकि गांव की पंचायत ने एकजुटता दिखाते हुए नशा बेचने वालों और नशा करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं। पंचायत और ग्रामीणों की इस पहल को देखते हुए शिवाजी प्रेस क्लब यमुनानगर ट्रस्ट ने देवधर को अपने जनजागरूकता अभियान की शुरुआत के लिए चुना है।
शिवाजी प्रेस क्लब के प्रधान रविंद्र चौहान ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। इसी सोच के साथ अभियान के माध्यम से गांव-गांव लोगों को जागरूक किया जाएगा और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
नशा छोड़ चुके लोगों को किया जाएगा सम्मानित
रविंद्र चौहान ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान नशा बेचने का रास्ता छोड़ चुके तथा नशे की लत से बाहर निकलकर सामान्य जीवन जी रहे लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा। एसपी कमलदीप गोयल के हाथों ऐसे लोगों को सम्मान देकर उनका हौसला बढ़ाया जाएगा, ताकि वे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन सकें और नशे की गिरफ्त में फंसे अन्य लोगों को भी इससे बाहर निकलने की प्रेरणा मिले।
उन्होंने कहा कि ‘नशे से जंग, यमुनानगर पुलिस के संग’ अभियान केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा। 8 सितंबर को देवधर से शुरुआत के बाद जिले के उन गांवों में चरणबद्ध तरीके से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां नशे की समस्या गंभीर रूप ले रही है।
शिवाजी प्रेस क्लब का संदेश स्पष्ट है—नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस, पंचायत, सामाजिक संस्थाओं, युवाओं और आम जनता को एकजुट होकर आगे आना होगा। सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त और स्वस्थ यमुनानगर का सपना साकार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts