महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान ने CMHO को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की
झुंझुनूं(दैनिक अमृतधारा निलेश मुदगल)। शहर के गांधी चौक स्थित नगर परिषद के सार्वजनिक शौचालय की बदहाल व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शौचालय से मल-मूत्र का गंदा पानी खुले में बहने से दुर्गंध और संक्रमण फैलने की आशंका के बीच महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान, जनपद झुंझुनूं ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया कि गांधी चौक पर दिनभर नागरिकों, दुकानदारों और राहगीरों की आवाजाही रहती है। ऐसे सार्वजनिक स्थान पर मल-मूत्र का खुले में बहाव स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। इससे आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है तथा जनस्वास्थ्य प्रभावित होने की आशंका है।
संस्थान ने स्वास्थ्य विभाग से मौके का निरीक्षण कर स्थिति की जांच करने, खुले में बह रहे गंदे पानी की निकासी बंद करवाने के लिए नगर परिषद एवं जिला प्रशासन को अवगत कराने तथा सुरक्षित निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही क्षेत्र में सफाई और कीट नियंत्रण करवाने तथा लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार ठेकेदार एवं अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में जयप्रकाश पूनिया एडवोकेट, आबिद खान, दिलशाद फारुकी एडवोकेट और प्रदीप कुमार शर्मा एडवोकेट शामिल थे।

Leave a Reply