एसपी उपासना का आह्वान – नशे से जुड़े मामलों की सूचना तुरंत दें मानस हेल्पलाइन 1933 पर, नशा पीड़ितों को मिलेगी इलाज व काउंसलिंग सुविधा।

कैथल/हुक्म मैहला/गुरदेव जोसन/दैनिक अमृत धारा/ 07 अक्टूबर/ जिला कैथल पुलिस अधीक्षक उपासना के मार्गदर्शन में “नशा मुक्त हो जिला” विशेष अभियान पूरे जिले में व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमें लगातार गांव-गांव, ढाणियों, चौपालों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर लोगों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में विस्तारपूर्वक जागरूक कर रही हैं। इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी और अवैध कारोबार पर शिकंजा कसना ही नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को नशे की गिरफ्त से दूर रखना और स्वस्थ समाज का निर्माण करना भी है। इस अभियान में गठित पुलिस जागरूकता टीम में एसआई कर्मबीर, एएसआई ओमप्रकाश, एचसी सुनील कुमार, महिला सिपाही किस्मत, सोनिया, एसपीओ राजपाल, प्रदीप कुमार, गुरविंद्र सिंह शामिल हैं। यह टीम प्रतिदिन कई गांवों व संस्थानों का दौरा कर वहां उपस्थित आमजन, विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित कर रही है। लोगों को बताया जा रहा है कि नशा व्यक्ति की शारीरिक क्षमता को कमजोर करता है, मानसिक संतुलन बिगड़ता है, पारिवारिक रिश्तों को तोड़ता है और सामाजिक प्रतिष्ठा को भी खत्म कर देता है। युवाओं को विशेष रूप से यह समझाया जा रहा है कि नशे की लत भविष्य को अंधकारमय बना देती है और अपराध की ओर धकेलती है।

एसपी उपासना ने कहा कि नशा एक ऐसी सामाजिक बुराई है जो पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। एसपी स्पष्ट कहा “नशे से बचना ही सबसे बड़ी समझदारी है। कोई भी व्यक्ति नशा तस्करी या नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी तुरंत मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर साझा कर सकता है। पुलिस को सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। इसके अलावा, इस हेल्पलाइन पर नशे के शिकार व्यक्तियों को इलाज और काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाती है।” उन्होंने आगे कहा कि नशा केवल कानून और पुलिस का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह एक सामाजिक जिम्मेदारी भी है। जब तक आमजन खुलकर इस बुराई के खिलाफ खड़े नहीं होंगे, तब तक इसे पूरी तरह समाप्त करना मुश्किल है। हर व्यक्ति को अपने स्तर पर नशा मुक्ति का संकल्प लेना होगा और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना होगा। जिला पुलिस ने हाल के महीनों में नशा तस्करी के कई मामलों का पर्दाफाश कर दर्जनों आरोपियों को काबू किया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियानों के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में चूरा पोस्त, अफीम, गांजा व नशीली गोलियां बरामद की हैं। यह अभियान आने वाले दिनों में और अधिक सख्ती से जारी रहेगा ताकि किसी भी कीमत पर नशे का अवैध कारोबार जिले में पनपने न पाए। जिला पुलिस का यह प्रयास है कि नशा मुक्ति अभियान को केवल पुलिस तक सीमित न रखकर इसे एक “जन-आंदोलन” का रूप दिया जाए, जिसमें समाज का हर वर्ग सक्रिय भागीदारी निभाए और जिला कैथल को पूरी तरह नशा मुक्त बनाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts