चंडीगढ़,/अमृतधारा /रविन्द्र पोपली /15.10.26 : चंडीगढ़ में हुए पीजीआई कर्मचारी संघ (नॉन-फैकल्टी) के चुनाव में बेअंत कंबोज के पैनल ने शानदार जीत दर्ज की है। गदा चुनाव चिन्ह के साथ मैदान में उतरे बेअंत कंबोज के पैनल को 1,134 वोट मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अनिल कुमार के पैनल को 515 वोटों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। इस जीत के साथ बेअंत कंबोज लगातार दूसरी बार संघ के अध्यक्ष चुने गए हैं। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का कार्यकाल वर्ष 2026 से 2028 तक रहेगा।

पीजीआई कर्मचारी संघ (नॉन-फैकल्टी) के पदाधिकारियों के लिए मतदान 13 अक्टूबर को पीजीआईएमईआर के जाकिर हॉल में कराया गया। सुबह 8 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे तक चला। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। नॉन-फैकल्टी कर्मचारियों ने मतदान में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

1,914 कर्मचारियों ने किया मतदान

चुनाव में कुल 1,914 वोट डाले गए। मतदान समाप्त होने के बाद चुनाव समिति ने मतगणना शुरू की। घोषित परिणामों के मुताबिक गदा चुनाव चिन्ह वाले बेअंत कंबोज पैनल को 1,134 वोट मिले। वहीं, त्रिशूल चुनाव चिन्ह वाले अनिल कुमार पैनल को 619 वोट, जबकि पेन चुनाव चिन्ह वाले कुलवंत सिंह पैनल को 147 वोट मिले।

बेअंत कंबोज के पैनल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अनिल कुमार के पैनल से 515 वोट अधिक हासिल कर एकतरफा जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद समर्थकों और कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।

कर्मचारियों के भरोसे पर खरा उतरेंगे : बेअंत कंबोज

जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष बेअंत कंबोज ने पीजीआईएमईआर के नॉन-फैकल्टी कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने लगातार दूसरी बार उनके नेतृत्व और पैनल पर जो भरोसा जताया है, उसे पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यूनियन की प्राथमिकता कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान और हितों की रक्षा करना रहेगी। कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों और समस्याओं को मजबूती के साथ संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के लिए संघर्ष रहेगा जारी

नवनिर्वाचित नेतृत्व ने कहा कि नॉन-फैकल्टी कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनरों और उनके पात्र आश्रितों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। सेवा शर्तों में सुधार, स्वास्थ्य एवं कल्याण सुविधाओं को मजबूत करने और सभी श्रेणी के कर्मचारियों को समान एवं न्यायपूर्ण व्यवहार दिलाने के लिए यूनियन पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करेगी।

बेअंत कंबोज ने कहा कि यह जीत केवल किसी एक व्यक्ति या पैनल की नहीं, बल्कि पीजीआई के नॉन-फैकल्टी कर्मचारियों की एकता और विश्वास की जीत है। आने वाले कार्यकाल में कर्मचारी हितों को सर्वोपरि रखते हुए उनकी आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *