गुरुग्राम (मनोज यादव, दैनिक अमृतधारा )। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर मंगलवार को फर्रुखनगर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा के कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई वरिष्ठ कर्मचारी प्रवीण यादव ने की।
इस दौरान कर्मचारियों ने पी एल आई योजना में बदलाव, पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने तथा लंबित मांगों का समाधान करने की मांग उठाई। कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर सरकार और बैंक प्रबंधन को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान फर्रुखनगर शाखा के डिप्टी मैनेजर रामबीर सिंह ने भी कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों पर लगातार बढ़ रहे कार्यभार को देखते हुए उनकी जायज मांगों का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।
बैंक कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। यू एफ बी यू के अनुसार 11 सितंबर को देशव्यापी एक दिवसीय बैंक हड़ताल, जबकि 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है।



