भारत की असली ताकत उसकी सर्व धर्म समभाव की परंपरा है : मौलाना सईदूर रहमान

कैथल (कृष्ण प्रजापति): सिरटा रोड स्थित मदनी मदरसा में राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मदरसा संचालक मौलाना मोहम्मद सईदूर रहमान द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने एवं सलामी देने के साथ हुई। लहराता हुआ तिरंगा देश की एकता, अखंडता और शौर्य का प्रतीक बनकर पूरे परिसर में गौरव का अहसास करा रहा था। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को नमन किया और देशभक्ति गीतों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने तिरंगे, संविधान और भारत की सांस्कृतिक विविधता को अपने चित्रों में उकेरते हुए सबका मन मोह लिया। प्रतियोगिता में आईशा अमीर ने प्रथम, सबीरा ने द्वितीय तथा हासिम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता बच्चों को सम्मानित किया गया तथा सभी बच्चों को प्रेरणादायक पुस्तकें वितरित की गईं, जिससे बच्चों में शिक्षा और देशभक्ति के प्रति उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर मौलाना सहित अन्य वक्ताओं ने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान हमें समानता, न्याय, स्वतंत्रता और भाईचारे का अधिकार देता है। वक्ताओं ने यह भी कहा कि भारत की असली ताकत उसकी सर्व धर्म समभाव की परंपरा है, जहां हर धर्म, हर वर्ग और हर समुदाय मिलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देता है। मदनी मदरसा में मनाया गया यह गणतंत्र दिवस कार्यक्रम सर्व धर्म संगम की भावना को सशक्त रूप से दर्शाता नजर आया। कार्यक्रम में डॉ. जमील, बिलाल, केसर अंसारी, शमशाद, असलम खान, अजहरूद्दीन, इरफान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति गीतों और भारत माता की जय के गगनभेदी नारों के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम, एकता और सौहार्द से सराबोर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts