लखनऊ। गोंडा जनपद के करनैलगंज क्षेत्र के रेक्सड़िया निवासी बर्तन कारोबारी स्व. विनोद साहनी की हत्या के बाद उनके पीड़ित परिजनों से शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता व पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह सहित दर्जनों कांग्रेसजनों को बाराबंकी टोल प्लाजा के पास पुलिस ने रोककर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सभी को मसौली थाने ले गई। जानकारी मिलते ही आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता थाने पहुंचने लगे, जिन्हें पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया।
मसौली थाने के बाहर सैकड़ों कांग्रेसजनों ने प्रदेश सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान अजय राय ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त करना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके आदेश पर उन्हें रोका और गिरफ्तार किया गया।
राय ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था से आमजन, विशेषकर गरीब, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और व्यापारी वर्ग प्रभावित हैं। उन्होंने विनोद साहनी की हत्या को अत्यंत दुखद बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार अपराध रोकने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ितों के साथ खड़ी है और किसी भी दबाव से पीछे नहीं हटेगी।
धरने में अखिलेश प्रताप सिंह, धीरेन्द्र सिंह धीरू, राम प्रताप सिंह, इंदल रावत, देवेन्द्र निषाद, सलमान बशर, आसिम वकार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts