छछरौली( अंजू प्रवेश कुमारी दैनिक अमृत धारा): अनाज मंडी में आज खरीदी के दूसरे दिन उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने औचक निरीक्षण कर मंडी की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और किसानों से बातचीत की तथा मंडी में चल रही तैयारियों का आकलन किया।
डीसी गुप्ता ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया को समय पर और पारदर्शी तरीके से शुरू किया जाए ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य बिना देरी के मिल सके। उन्होंने मंडी में भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था, नमी जाँच की सटीक प्रक्रिया और तुलाई कार्य की गति पर भी ज़ोर दिया।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने प्रशासन के समक्ष अपनी कुछ समस्याएँ रखीं, जिन्हें उपायुक्त ने गंभीरता से सुना और समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी होती है तो तुरंत मंडी प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
इस मौके पर एसडीएम छछरौली भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान मंडी के कर्मचारी, आढ़ती तथा अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे। किसानों ने प्रशासन की सक्रियता और तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार मंडी में खरीद प्रक्रिया और भी व्यवस्थित और पारदर्शी दिख रही है।



