कैथल/गुरदेव जोसन/हुक्म मैहला/दैनिक अमृत धारा/23 सितंबर हरियाणा पुलिस द्वारा पूरे प्रदेशभर में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, ट्रैफिक नियमों की जानकारी, नशा मुक्ति, साफ-सफाई तथा पौधारोपण जैसे विषयों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक जागरूकता का संदेश पहुंचाना और आमजन को कानून, सुरक्षा व सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग करना है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया की इसी कड़ी में थाना ढांड की एसएचओ एसआई रेखा द्वारा जनता कॉलेज कौल, ढांड कॉलेज तथा फरल स्कूल में तथा थाना सीवन की एसएचओ एसआई सुनीता द्वारा गांव खानपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं व छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने महिला विरुद्ध अपराधों, साइबर अपराधों और ट्रिप मॉनिटरिंग सिस्टम के महत्व बारे विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस दौरान एस एच ओ ने छात्राओं व महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिला सुरक्षा हरियाणा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अपराध का सामना करना पड़े तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें और 112 नंबर पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि चुप रहना अपराध को बढ़ावा देता है, इसलिए अपनी समस्या को खुलकर सामने रखें। साइबर अपराधों से बचाव के लिए पुलिस ने बताया कि किसी भी अज्ञात लिंक, संदिग्ध कॉल या अजनबी द्वारा भेजे गए एप्लीकेशन को डाउनलोड न करें। अपनी निजी व बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठग नई-नई तरकीबों से लोगों को निशाना बनाते हैं, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है। ट्रिप मॉनिटरिंग सिस्टम की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह महिलाओं व छात्राओं के लिए यात्रा को अधिक सुरक्षित बनाने का एक प्रभावी साधन है। इस सिस्टम से न केवल परिजनों को सुरक्षा की जानकारी मिलती है बल्कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तुरंत मदद के लिए पहुंच सकती है। इस मौके पर महिलाओं व छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और कहा कि पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऐसे जागरूकता अभियान से उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए महिला सुरक्षा, साइबर सतर्कता और सामाजिक जिम्मेदारियों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।



