दैनिक अमृत धारा s k girdhar
आखिर अभिनेता धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार गुपचुप तरीके से क्यों किया गया?
यह तो सभी को पता है कि चार बच्चों के पिता होते हुए भी धर्मेंद्र ने हेमा मालिनी से शादी की थी।
24 नवंबर को फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र का जिस गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार किया गया उस पर अब सवाल उठ रहे हैं। जिस अभिनेता के देश भर में प्रशंसक हो, उस अभिनेता के निधन का मामला परिवार की निजता की आड़ में छिपाया नहीं जा सकता। सवाल उठता है कि आखिर धर्मेन्द्र के निधन में परिवार की कौनसी निजता है? धर्मेन्द्र ने 65 वर्षों तक फिल्म प्रेमियों के दिलों पर राज किया। इसी वर्ष 31 दिसंबर को धर्मेंद्र की फिल्म 21 रिलीज होने वाली है। यानी मृत्यु के अंतिम दिनों तक धर्मेन्द्र फिल्म जगत में सक्रिय रहे। 8 दिसंबर 2025 को धर्मेंद्र का 90वां जन्मदिन मनाया जाना था। यानी 90 वर्ष की उम्र में भी धर्मेंद्र सक्रिय थे। ऐसे जिंदादिल अभिनेता के परिजनों ने 24 नवंबर को गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार कर दिया। 24 नवंबर को धर्मेन्द्र का निधन कब हुआ, यह अभी तक भी परिजनों ने नहीं बताया है। परिवार वाले जब धर्मेन्द्र के शव को घर से एंबुलेंस में रखकर श्मशान घाट ले जा रहे थे, तब मीडिया को पता चला कि धर्मेन्द्र का निधन हो गया। धर्मेन्द्र की पार्थिव देह को अपनी आंखों से देखने और वीडियो को न्यूज़ में चलाने पर भी मीडिया कर्मियों ने धर्मेन्द्र के निधन की पुष्टि नहीं की। चैनल वाले परिवार की निजता की दुहाई देकर सच्चाई से बचते रहे। न्यूज चैनल वालों को डर रहा कि कही धर्मेंद्र के परिजन खासकर उनके अभिनेता बेटे सन्नी देओल और बॉबी देओल नाराज न हो जाए। 24 नवंबर को न्यूज़ चैनलों के दर्शकों को भी बड़ा अजीब लगा, जब एंबुलेंस में धर्मेन्द्र की पार्थिव देह रखी हुई थी और एक व्यक्ति मिट्टी की धुएं वाली हांडी लेकर आगे बैठा हुआ था।



