दैनिक अमृत धारा समाचार पत्र s k girdhar
सांसद खेल महोत्सव के दूसरे चरण विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर कैथल में हुई बैठक

कैथल, 28 नवंबर 25।
सांसद खेल महोत्सव के दूसरे चरण के अंतर्गत विधानसभा स्तर पर आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर आज कैथल में मंथन किया गया। इस दौरान सांसद कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान ने आगामी प्रतियोगिताओं से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी और आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां अलग-अलग सदस्यों को सौंपी।

सांसद कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में दूसरे चरण की प्रतियोगिताओं को लेकर खिलाड़ियों में भारी उत्साह है। कैथल में सांसद खेल महोत्सव के प्रथम चरण ब्लॉक स्तर पर साढ़े बारह हजार खिलाड़ियों ने अलग अलग खेल स्पर्धाओं में भाग लिया है। अब दूसरे चरण के तहत कुरुक्षेत्र कैथल में विधानसभा स्तर पर प्रतियोगिताएं करवाने की तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ-साथ क्षेत्र में मौजूद उभरती खेल प्रतिभाओं को एक मज़बूत मंच प्रदान करना है। यह प्रतियोगिताएं युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा पैदा करती हैं तथा उन्हें अपने लक्ष्य की ओर प्रेरित करती हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि सांसद खेल महोत्सव के दूसरे चरण के तहत विधानसभा स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं एक दिसंबर से आरंभ हो रही हैं। खिलाड़ियों के बढ़ते उत्साह, मेहनत और उनकी तैयारी को देखते हुए यह उम्मीद जताई गई कि इस बार की प्रतियोगिताएं और भी अधिक उत्साह के साथ आयोजित होंगी। बैठक में विभिन्न खेलों के लिए स्थलों का निर्धारण भी किया गया। उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल के निर्देशानुसार दूसरे चरण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शूटिंग, बाडी बिल्डिंग व बाक्सिंग की आरकेएसडी कालेज कैथल, जूडो व कुश्ती की छोटूराम इनडोर स्टेडियम कैथल, एथलेटिक्स, कब्बड्डी, रस्साकस्सी, स्किपिंग एवं जंपिंग, खो-खो की महाराजा सूरजमल स्टेडियम कैथल, वालीवाल की इनडोर आउटडोर स्टेडियम पुंडरी, क्रिकेट की ग्योंग के खेल ग्राउंड, हाकी की खेल हाकी अकाडमी हाबडी और तीरंदाजी की डीएवी कॉलेज चीका में प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।

इस मौके पर यह भी तय किया गया कि प्रतियोगिताओं के संचालन में किसी प्रकार की कमी न रहे इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएंगी। आयोजन समिति ने यह भी निश्चित किया कि प्रतिभागी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खेल वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें और सांसद नवीन जिन्दल के विजन के अनुसार कैथल खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts