पंचकुला (दैनिक अमृतधारा)
कालका विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक रायपुर रानी में ग्रामीण सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक शक्ति रानी शर्मा ने ब्लॉक रायपुर रानी में लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली विभिन्न लिंक रोड परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में टाबर से सरकपुर को जोड़ने वाले लिंक रोड का सुदृढ़ीकरण 64.07 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा, जबकि गांव टिब्बी माजरा को जोड़ने वाले SH-1 लिंक रोड का सुदृढ़ीकरण 31.55 लाख रुपये की अनुमानित लागत से प्रस्तावित है। समलासन देवी मंदिर तक जाने वाले लिंक रोड का पुनर्निर्माण 47.64 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। रायपुर रानी–त्रिलोकपुर मार्ग से मानक टबरा गांव को जोड़ने वाले लिंक रोड के उन्नयन हेतु 1.24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, वहीं काजमपुर से जयंतीपुर गांव तक के लिंक रोड के सुधार कार्य पर 13.73 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। ये परियोजनाएँ क्षेत्र की कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।
विधायक शक्तिरानी शर्मा ने कहा “आज रायपुर रानी क्षेत्र में लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से लिंक रोड विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया है, जबकि इससे पूर्व भी लगभग आठ करोड़ रुपये के विभिन्न कार्यों की स्वीकृति इसी क्षेत्र के लिए दी जा चुकी है। यह हमारी सरकार की ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जहाँ लक्ष्य है कि गाँवों को भी वही सुविधाएँ उपलब्ध हों जो शहरों में मिलती हैं। मैंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और सभी परियोजनाएँ समयबद्ध व पारदर्शी ढंग से पूरी हों।
विकास कार्यों के साथ-साथ हम रायपुर रानी के आमजन की हर समस्या पर नजर बनाए हुए हैं — चाहे वह नशे की चुनौती हो, चोरी की घटनाएँ हों या कोई अन्य सामाजिक समस्या। जनता को सुरक्षित, सौहार्दपूर्ण और अनुशासित माहौल उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है, और प्रशासन को इसके लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जहाँ भी जनता ने विकास की आवश्यकता बताई है, वहाँ तुरंत कार्य शुरू करवाए जा रहे हैं, चाहे वह सड़कें हों, सामुदायिक भवन हों या अन्य जनसुविधाएँ। हमारा लक्ष्य है कि आने वाले समय में कालका विधानसभा को एक आदर्श, प्रगतिशील और सुविधाओं से परिपूर्ण क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाए।”
शिलान्यास कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा कि विधायक शक्तिरानी शर्मा क्षेत्र के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। ग्रामीणों का कहना था कि पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र को अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं की सौगात मिली है
कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पंचायत प्रतिनिधि, महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक तथा ग्रामीण क्षेत्र के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



