इस्माईलाबाद, दैनिक अमृतधारा (विजय वधवा)
राजकीय स्कूलों में दृष्टि संबंधी समस्याओं से जूझ रहे विद्यार्थियों की मदद के लिए शिक्षा विभाग ने अहम पहल की है। इसको लेकर जिले के सरकारी स्कूलों में आयोजित नेत्र जांच शिविरों में दृष्टि दोष पाए गए विद्यार्थियों को मुफ्त चश्मे वितरित किए गए। इसी कड़ी में यहां के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के 249 छात्रों को विभाग द्वारा मुफ्त चश्मे उपलब्ध करवाए गए हैं। चश्मों का वितरण विद्यालय प्रांगण में विधिवत रूप से किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी विजेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान छात्रों की पढ़ाई पर पडऩे वाले नकारात्मक प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि कई बच्चे कमजोर दृष्टि के कारण ब्लैक बोर्ड ठीक से नहीं देख पाते। इस अवसर पर विद्यालय के कार्यकारी प्रभारी बलविंदर सिंह, स्टाफ सचिव अनिल शर्मा, संदीप फौगाट, प्रदीप सैनी, संदीप तंवर समेत समस्त स्टाफ उपस्थित था।
फोटोकैप्शन-इस्माईलाबाद के सरकारी स्कूल में शिक्षा विभाग द्वारा वितरित किए गए चश्मे दिखाते विद्यार्थी साथ में स्कूल स्टाफ।



