इस्माईलाबाद, दैनिक अमृतधारा (विजय वधवा)
शहीद बलबीर सिंह राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य भीमसेन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग हरियाणा एवं शिक्षा विभाग, हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान मेें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत डिप्टी सिविल सर्जन कुरुक्षेत्र डॉ. करूणा ढींगरा के मार्गदर्शन में दृष्टि संबंधित समस्याओं से जूझ रहे कक्षा छठी से कक्षा बारहवीं तक के विद्यार्थियों को डॉ.गीतिका, डॉ.रोहित शर्मा, फार्मासिस्ट संजय कुमार एवं एएनएम राम भतेरी ने निशुल्क 115 चश्में वितरित किए। उन्होंने बताया कि उज्जवल दृष्टि योजना मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की महत्वाकांक्षी योजना है जिसमें सरकारी स्कूलों में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों की नेत्र-जांच शिविरों में दृष्टि दोष पाने वालों को मुफ्त चश्मे दिए जाते हैं। डॉ. गीतिका ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के निर्देशानुसार उज्जवल दृष्टि योजना एक राज्यव्यापी अभियान है, जिसका उद्देश्य दो वर्गों – स्कूल जाने वाले बच्चे और 45 वर्ष से अधिक आयु के नागरिक को विशेष रूप से लाभ पहुंचाना है। यह देशभर में अपनी तरह का सबसे बड़ा और अनोखा अभियान है, जिसे नेशनल प्रोग्राम फॉर कंट्रोल ऑफ ब्लाइंडनेस एंड विजुअल इम्पेयरमेंट के अंतर्गत संचालित किया गया है। उप-प्राचार्य जितेन्द्र ने बताया कि यह योजना सिर्फ बच्चों तक सीमित नहीं है। इस योजना के तहत स्कूली बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी को कवर किया गया है। विद्यार्थियों की नेत्र-जांच के दौरान अगर कोई दृष्टि दोष पाया जाता है तो उन्हें निशुल्क चश्मे वितरित किए जाते हैं। इस मौके पर स्कूल हेल्थ एम्बेसडर रचना सहित सभी स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts