रतिया (नरेन्द्र बंसल)।
महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक भवानी सिंह द्वारा नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम को लेकर वीरवार को रतिया के महाराजा होटल में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान सर्व समाज सभा रतिया के अध्यक्ष सतपाल जिंदल, पार्षद गौरव शर्मा, समाजसेवी गुरु चरण सिंह खोखर, पारस सिंगला, रजत कुमार, सुनील कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए भवानी सिंह ने कहा कि उनकी संस्था पूरे जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। जहां भी नशे से संबंधित कोई सूचना मिलती है, वहां वे अपनी टीम के साथ तुरंत पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि रतिया क्षेत्र में नशे की स्थिति बेहद गंभीर होती जा रही है। हाल ही में नशे की चपेट में आकर 20 वर्षीय युवक की मौत हो जाना अत्यंत दुखद और चिंताजनक है।

भवानी सिंह ने नशा कारोबारियों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए कहा कि जब तक समाज के सभी वर्ग एकजुट होकर नशे के खिलाफ खड़े नहीं होंगे, तब तक इस सामाजिक बुराई को समाप्त करना संभव नहीं है। यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है।

उन्होंने मेडिकल संचालकों से अपील की कि वे चंद पैसों के लालच में नशीली गोलियां या इंजेक्शन न बेचें, क्योंकि नशे के कारण कई परिवार पूरी तरह उजड़ रहे हैं।

भवानी सिंह ने जानकारी दी कि नशे के खिलाफ शुक्रवार को बुढलाड़ा रोड स्थित जैन समाधि में एक महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पुलिस प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। उन्होंने इस महापंचायत में शहरवासियों, मेडिकल संचालकों तथा सभी धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts