जगाधरी (अंजू प्रवेश कुमारी दैनिक अमृत धारा)सेक्टर–17 में पेड़ों की छंटाई के नाम पर की गई कटाई से स्थानीय लोगों में असंतोष फैल गया है। नागरिकों का आरोप है कि रखरखाव की आड़ में कई हरे-भरे और पुराने पेड़ों को काट दिया गया, जिससे क्षेत्र की हरियाली और पर्यावरण संतुलन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क किनारे लगे पेड़ गर्मी में छाया देने के साथ-साथ प्रदूषण कम करने में अहम भूमिका निभाते हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से न केवल सौंदर्य प्रभावित हुआ है, बल्कि आने वाले समय में तापमान बढ़ने की भी आशंका है। लोगों ने मांग की है कि छंटाई केवल जरूरत के अनुसार और वैज्ञानिक तरीके से की जाए।
नागरिकों का यह भी कहना है कि बिना पूर्व सूचना यह कार्य शुरू किया गया, जिससे क्षेत्र में नाराजगी बढ़ी है। पर्यावरण से जुड़े लोगों ने प्रशासन से पारदर्शिता बरतने और विशेषज्ञों की राय लेने की अपील की है।
वहीं नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि कुछ पेड़ जर्जर हो चुके थे और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया। अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया है कि जहां कटाई हुई है, वहां नए पौधे लगाए जाएंगे और उनकी देखभाल की जाएगी।



