लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश समिति की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरक्षण, डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किए जाने, किसानों, युवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और महंगाई समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में डॉ. भीमराव आंबेडकर की बड़ी संख्या में प्रतिमाएं तोड़ी गई हैं। उनके अनुसार 72 जिलों में कुल 151 प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त की गईं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष औसतन 15 से अधिक प्रतिमाएं तोड़े जाने के मामले सामने आए हैं। उन्होंने दावा किया कि बलिया में सबसे अधिक प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाया गया।
सपा अध्यक्ष ने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि इन घटनाओं का जिम्मेदार कौन है। उन्होंने उपलब्ध मामलों का हवाला देते हुए कहा कि 14 मामलों में गिरफ्तारियां हुई हैं, जबकि 45 मामलों में अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई दर्ज है। आठ मामलों में नामजद शिकायत हुई है, वहीं 84 मामलों में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग डॉ. आंबेडकर का सम्मान नहीं करते।
उन्होंने किसानों की स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का सपना दिखाया गया, लेकिन किसानों के साथ हर मोड़ पर धोखा हुआ। युवाओं और छात्रों के साथ भी अन्याय किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने रोजगार के अवसरों पर सवाल उठाए। स्वास्थ्य सेवाओं पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था खुद बीमार है। शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल खड़े किए।
अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी संगठन को मजबूत करने में जुटी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के वोट कम करने और सपा के पक्ष में समर्थन बढ़ाने का लक्ष्य लेकर काम करने की बात कही।
सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर भाजपा सरकार के कार्यकाल में दर्ज किए गए फर्जी मुकदमों को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने अयोध्या में जमीन से जुड़े मामलों को लेकर भी भाजपा सरकार पर आरोप लगाए और कहा कि वर्ष 2027 में इन मामलों को लेकर जनता के सामने सवाल उठेंगे।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में शिक्षा, तहसीलों और थानों में भ्रष्टाचार बढ़ा है और इसी कारण सरकार को महंगाई की समस्या दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े बुनियादी सवालों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts