लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन समारोह, बाढ़ की स्थिति, मध्य प्रदेश में जहरीली शराब से हुई मौतों और यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित शुल्क को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
अजय राय ने कहा कि एक ओर देश के कई हिस्से भीषण बाढ़ की चपेट में हैं और गांव के गांव प्रभावित हैं। लोगों को भोजन, पानी और दवाइयों के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री का जन्मदिन बड़े धूमधाम से मनाया गया। उन्होंने देशभर में दीपक जलाए जाने और सरकारी धन के खर्च पर सवाल उठाए।
उन्होंने दावा किया कि वाराणसी में 500 बाइक दी गईं और बाइक चलाने वालों को प्रतिदिन 700 रुपये दिए जाने का सौदा हुआ है। उन्होंने इसकी जांच की मांग की। अजय राय ने कहा कि देशभर में करोड़ों दीपक जलाए गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ बच्चे दीपकों से बचा तेल एकत्र करते दिखाई दे रहे हैं। उनके अनुसार, वीडियो में एक बच्ची इस तेल से रात का खाना बनाने की बात कह रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में जरूरतमंद परिवारों की मदद को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मध्य प्रदेश में जहरीली शराब से हुई मौतों का मुद्दा उठाते हुए सरकार से गंभीरता से कार्रवाई की मांग की।
यूपीआई भुगतान पर शुल्क लगाए जाने की चर्चा पर अजय राय ने कहा कि छोटे दुकानदार, टैक्सी चालक और अन्य कारोबारी क्यूआर कोड से भुगतान स्वीकार करते हैं। ऐसे में शुल्क का असर आम लोगों और छोटे कारोबारियों पर पड़ सकता है। उन्होंने यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित शुल्क वापस लेने की मांग की।
उन्होंने जीडीपी बढ़ने के सरकारी दावों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि रोजगार और नौकरियों की समस्या अब भी बनी हुई है। प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री डॉ. सीपी राय, प्रियंका गुप्ता, सिद्धिश्री, सचिन रावत और अमर हबीबुल्लाह सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts