महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं आज के इस आधुनिक युग में भी प्रासंगिक : ज्योति सैनी

केंद्र व प्रदेश सरकार की हर योजना, हर नीति और हर निर्णय में बसती है महर्षि वाल्मीकि जी की भावना : लीला राम

महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में किया गया जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन

कैथल/गुरदेव जोसन/हुक्म मैहला/दैनिक अमृत धारा/6 अक्टूबर/ विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि वेदों के ज्ञाता और ब्रह्म ज्ञानी थे। उन्होंने मानवता को शोषितों व पीड़ितों के प्रति करुणा व दया भाव रखने, त्याग करने का पाठ पढ़ाया। उन्होंने महाकाव्य रामायण की रचना की, जो हमें धर्म और कर्तव्य का पाठ पढ़ाती है। केंद्र व प्रदेश सरकार महर्षि वाल्मीकि जी की शिक्षाओं एवं आदर्शों के अनुरूप वंचित वर्ग का उत्थान करने में लगे हुई हैं।

      विधायक सतपाल जांबा सोमवार को जींद रोड स्थित पंचायत भवन में महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उनके साथ बीजेपी की जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, पूर्व विधायक लीला राम विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरूआत महर्षि वाल्मीकि जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके हुई। सभी अतिथिगणों ने महर्षि वाल्मीकि को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

      विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रत्येक वर्ग के बारे में सोचते हैं और उनके लिए नित नई-नई योजनाएं क्रियान्वित कर रहे हैं। आज देश प्रगति की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।  सरकार ने अनुसूचित जातियों के आरक्षण का दो वर्गों में वर्गीकरण लागू किया है। इसके साथ ही सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग का गठन किया है। सफाई कर्मियों को उनकी ड्यूटी पर मृत्यु होने की स्थिति में 5 लाख रुपये और सीवरेज में काम करते समय मृत्यु होने की स्थिति में 10 लाख रुपये की बीमा राशि का प्रावधान किया गया है। अनुसूचित जाति के गरीब परिवारों की बेटियों की शादी पर सरकार की ओर से 71 हजार रुपये तक शगुन के रूप में दिए जाते हैं। हाल ही में सरकार ने बहनों-बेटियों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू की है।

      इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा और खेलों जैसे अनेक क्षेत्रों में भाग लेकर अपने क्षेत्र व देश का नाम रोशन करें। उन्होंने अपने हलके के लोगों के कल्याण हेतू घोषणा भी की है कि यदि किसी गरीब व्यक्ति का आर्थिक स्थिति की वजह से बिजली का कनेक्शन कट गया है, तो वह स्वयं के पैसे से बिजली बिल भरकर कनेक्शन शुरू करवाएंगे, ताकि दीपावली के दिनों में उनका घर भी रोशन हो सके।

      बीजेपी जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ऋषियों के ऋषि और योगियों के योगी थे। उन्होंने मानव समाज को भगवान श्रीराम जी की दिव्य कथा का उपहार दिया है। हमारा परम सौभाग्य है कि उनके हृदय के सम्राट भगवान श्रीराम जी के हम अयोध्या में भव्य एवं दिव्य मंदिर के निर्माण के साक्षी बने हैं। उन्होंने कहा कि आज के इस आधुनिक युग में भी महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं प्रासंगिक हैं। हमें महर्षि वाल्मीकि के जीवन और शिक्षाओं पर और विचार-विमर्श करना चाहिए। उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गरीब उत्थान के लिए अनेकों योजनाएं चला रहे हैं, जिनमें पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना आदि जिनमें विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

      पूर्व विधायक लीला ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी सहित अन्य संतों, महात्माओं और महापुरुषों के संदेश को नई पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए हरियाणा सरकार उनकी जयंतियां राज्य स्तर पर धूमधाम से मनाती है। इसके लिए हमने संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना चलाई हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार निरंतर सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। केंद्र व प्रदेश सरकार की हर योजना, हर नीति और हर निर्णय में महर्षि वाल्मीकि जी की भावना बसती है, उनका स्वाभिमान बसता है, उनकी समता बसती है। हमें महर्षि वाल्मीकि द्वारा बताए गए धर्म, सत्य और करुणा के मार्ग पर चलना चाहिए।

      इस मौके पर डीएसपी बीरभान ने अपने संदेश में महर्षि वाल्मीकि जयंती की बधाई देते हुए आह्वान किया कि सभागार में मौजूद सभी लोग अपने बच्चों को उच्च शिक्षा ग्रहण करवाएं और संकल्प लें कि वे उन्हें अधिकारी बनाएं।

       डॉ. भीम राव अंबेडकर कॉलेज के पूर्व प्रिंसीपल ऋषि पाल बेदी ने बतौर मुख्य वक्ता अपने संदेश में कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने हमें शिक्षा, संस्कार और अनुशासन की जो प्रेरणा दी है, हमें उसे प्रेरित होकर समाज को आगे ले जाना होगा। उन्होंने विस्तार से महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण से जीवन में मिली शिक्षाओं की जानकारी दी और सभी का आह्वान किया  कि वे इन शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं। साथ ही उनके सिद्धांतों पर चलकर अपने अंदर की बुराईयों को समाप्त करें।

      वाल्मीकि सभा के प्रधान श्याम लाल कल्याण ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए हमें शिक्षा को अपनाना होगा। हमें ऐसी भावना को पैदा करना है, जिसमें सभी का भला हो। महर्षि वाल्मीकि के सिद्धांतों पर हमें चलना चाहिए। 

      समाज सेवी रामदास सौदा ने महर्षि वाल्मीकि के हाथ में जो कलम है, हमें उससे शिक्षा लेनी चाहिए और अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलवाएं।

      कार्यक्रम में पहुंचने पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं सीईओ जिला परिषद  सुरेश राविश ने सभी अतिथिगणों का स्वागत किया। वहीं सभी अतिथिगणों व वक्ताओं को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।

      इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, डीएसपी सुशील प्रकाश, सांसद के प्रतिनिधि के तौर पर पहुंचें रविंद्र  धीमान, डीआईपीआरओ नसीब सिंह सैनी, जिला कल्याण अधिकारी सीमा रानी, नगर परिषद सचिव भानू शर्मा, रणधीर बाता, नरेश सजूमा  नगर परिषद उपाध्यक्ष सीमा, अपीलिएंट कोर्ट के सदस्य शक्ति सौदा, ब्लॉक समिति कैथल के अध्यक्ष विनोद, ऊषा मचल, सुखविंद्र गोयत अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं समाज के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे
About Author
Keshav@5727
View All Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts