पिंकी सैनी के नेतृत्व में पार्षदों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, विकास कार्यों में अनियमितता और सफाई व्यवस्था बदहाल होने के लगाए आरोप
सिंघाना(दैनिक अमृतधारा निलेश मुदगल)। नगर पालिका सिंघाना में अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी (ईओ) के बीच चल रहा विवाद अब जिला प्रशासन तक पहुंच गया है। नगर पालिका अध्यक्ष पिंकी सैनी के नेतृत्व में पार्षदों ने जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पालिका के कामकाज में कथित अनियमितताओं, विकास कार्यों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध नहीं कराने और शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही सहित कई मुद्दे उठाए गए। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बुहाना उपखंड अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराने का आरोप
ज्ञापन में अध्यक्ष और पार्षदों ने आरोप लगाया कि अधिशासी अधिकारी से विकास कार्यों, टेंडर प्रक्रिया, कैश बुक और पिछले छह माह के बैंक स्टेटमेंट सहित महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जानकारी मांगी गई, लेकिन रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया। आरोप है कि इसके उलट अध्यक्ष की ओर से किए गए पत्राचार को ईओ ने नियमविरुद्ध बताया। पार्षदों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
सफाई व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
पार्षदों ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सफाई व्यवस्था प्रभावित है और कचरा उठाने के लिए आवश्यक मशीनरी की कमी बनी हुई है। ज्ञापन में टेंडर प्रक्रिया में कथित मनमानी तथा चहेते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के आरोप भी लगाए गए। इसके अलावा पालिका कार्यालय में लेखाकार, क्लर्क और स्वास्थ्य निरीक्षक जैसे महत्वपूर्ण पद लंबे समय से रिक्त होने का मुद्दा उठाते हुए प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग की गई।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों को देखते हुए बुहाना एसडीएम को पूरे प्रकरण की जांच करने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी।
ये रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने वालों में नगर पालिका अध्यक्ष पिंकी सैनी, उपाध्यक्ष रचना पूनिया तथा पार्षद सरिता, सविता देवी, विनोद कुमार, अमर सिंह, जयदयाल सैनी, देशराज, संतोष, पुष्पा कुमारी सैनी, नवीन कुमार, इस्लाम अली, प्रियंका स्वामी, धर्मपाल, नरेश, बाबूलाल, नरपाल, संजय, रजनी देवी, सरोज और सुमन सहित अन्य पार्षद शामिल रहे।

Leave a Reply