यमुनानगर,(अंजू प्रवेश कुमारी दैनिक अमृत धारा)। पारिवारिक विवाद के चलते एक पत्नी ने गुस्से में अपने ही पति की जान ले ली। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार, खिजरी निवासी सुखबीर की पत्नी निशु के साथ बीती रात किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। बात इतनी बढ़ी कि दोनों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। गुस्से में आकर पत्नी ने घर में रखे तेजधार चाकू से पति सुखबीर के सिर, मुंह, गर्दन और छाती पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल सुखबीर लहूलुहान होकर फर्श पर गिर पड़ा।
बताया जाता है कि सुखबीर की यह दूसरी शादी थी और आरोपी निशु उसकी दूसरी पत्नी थी। दोनों लंबे समय से साथ रह रहे थे, लेकिन आए दिन घरेलू विवाद को लेकर कहासुनी होती रहती थी। बीती रात झगड़ा इतना बढ़ गया कि वह खूनी रूप ले बैठा। जब सुखबीर खून से लथपथ होकर गिर पड़ा तो आरोपी पत्नी ने खुद ही 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल सुखबीर को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतापनगर थाना प्रभारी नर सिंह ने बताया कि आरोपी महिला मौके से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की बात कही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक सुखबीर की पहली पत्नी से भी अनबन के चलते अलगाव हुआ था। अब दूसरी पत्नी के साथ यह विवाद उसकी मौत की वजह बन गया। स्थानीय लोगों ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि आपसी विवाद कभी-कभी ऐसे भयावह रूप ले लेते हैं जो पूरे परिवार को उजाड़ देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts