गुहला चीका/गुरदेव जोसन/हुक्म मैहला/दैनिक अमृत धारा/6 अक्टूबर/डी.ए.वी. कॉलेज, चीका में पर्सनल काउंसिल सेल के तत्वावधान में आज ‘प्रेरणा : एक पहल’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के संचालक डॉ॰ वीरेंद्रपाल ने बताया कि प्रेरणा’ का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्टाफ के मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना है, साथ ही उन्हें तनाव, चिंता, और शैक्षणिक दबाव जैसी चुनौतियों से निपटने में सहयोग प्रदान करना है। इस पहल के अंतर्गत शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, चिकित्सा विशेषज्ञों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं सरकारी एजेंसियों के सहयोग से विद्यार्थियों को एक समग्र सहयोग तंत्र उपलब्ध कराया जायेगा । इस अवसर पर हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रेणु भाटिया जी और नगरपालिका चीका की अध्यक्ष डॉ॰ रेखा रानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और समाज सेवा के महत्व पर प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक रूप से सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है ताकि वे तनाव और प्रतिस्पर्धा के दबाव से बाहर निकलकर अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें। कॉलेज प्राचार्य डॉ॰ जसबीर सिंह ने इस अवसर पर पर्सनल काउंसिल सेल के प्रयासों की सराहना की और कहा कि “प्रेरणा” जैसी पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि जब विद्यार्थी प्रेरित और सशक्त होंगे, तभी एक स्वस्थ, समावेशी और सहयोगी शिक्षण वातावरण का निर्माण संभव होगा। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसके अंतर्गत ‘नेकी का घर’ संस्था एवं शाह कृष्ण सेवा ब्लड बैंक के सहयोग से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्रीमती रेणु भाटिया जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर ‘नेकी का घर’ संस्था की ओर से हुक्म सिंह (प्रधान), गुलशन चूघ (उपप्रधान), गुरदीप चाबा (सदस्य), डॉ॰ गुरबाज सिंह, राजपाल राणा एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया।
उद्घाटन के उपरांत श्रीमती रेणु भाटिया ने नंदीशाला का भी दौरा किया और वहाँ की व्यवस्थाओं की सराहना की। रक्तदान शिविर में कॉलेज के विद्यार्थियों और स्टाफ ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा मानवता और सेवा की भावना का परिचय दिया । कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी संवाद, परामर्श सत्र, स्वास्थ्य जांच एवं सामुदायिक सहयोग जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रो॰ रणधीर सिंह, बार काउंसिल के प्रधान सुरेंद्र हांडा, संदीप पुनिया, मैडम प्रीति कॉलेज के शिक्षकगण, एनएसएस, एनसीसी स्वयंसेवक, नेकी का घर संस्था के सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts