यमुनानगर,(अंजू प्रवेश कुमारी दैनिक अमृत धारा) नगर निगम की मेयर सुमन बहमनी एवं आयुक्त महावीर प्रसाद ने वीरवार को वार्ड-8 स्थित डीएवी डेंटल कॉलेज के समीप चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। लगभग 12 लाख रुपये की लागत से सड़क चौड़ीकरण तथा इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने का कार्य प्रगति पर है।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने इंटरलॉकिंग टाइलों को उखाड़कर उनकी गुणवत्ता परखी। जांच में पाया गया कि निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग नहीं किया गया है। कई स्थानों पर रेत की मात्रा कम पाई गई तथा प्रयुक्त सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी।
इस पर आयुक्त ने मौके पर मौजूद एजेंसी के प्रतिनिधि एवं निगम के जेई से स्पष्टीकरण मांगा, परंतु वे संतोषजनक जवाब देने में असमर्थ रहे। आयुक्त ने संबंधित दो जूनियर इंजीनियरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा एजेंसी का भुगतान रोकने के निर्देश दिए।
उन्होंने अभियंता शाखा के अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि शहर में जारी विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस दौरान एक्सईएन विकास धीमान ने टाइलों के नमूने लेकर जांच हेतु भेजे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts