‘
सांसद–विधायक–डीएम ने किया जोरदार उद्घाटन
अमृतधारा ब्यूरो चीफ अभय कुमार दीक्षित उन्नाव। उन्नाव में कभी घंटों तक वाहनों की कतार और लोगों की झुंझलाहट का गवाह रहा गांधीनगर तिराहा अब नई पहचान के साथ सामने आया है। शहर की सबसे बड़ी ट्रैफिक समस्या माने जाने वाले इस तिराहे को आधुनिक चौराहे में तब्दील कर दिया गया है, जिसका आज भव्य अंदाज़ में उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में सांसद साक्षी महाराज, सदर विधायक पंकज गुप्ता और जिलाधिकारी गौरांग राठी व नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता भानु मिश्रा की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। फीता काटते ही विकास की इस नई तस्वीर को जनता के सामने पेश किया गया। गौरतलब है कि गांधीनगर तिराहा लंबे समय से जाम का ‘हॉटस्पॉट’ बना हुआ था, जहां रोजाना लोगों को घंटों तक जाम से जूझना पड़ता था। लेकिन अब इस नए चौराहे के निर्माण से उम्मीद है कि ट्रैफिक व्यवस्था पटरी पर लौटेगी और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अधिकारियों का दावा है कि इस चौराहे के बन जाने से न सिर्फ जाम की समस्या कम होगी, बल्कि शहर की खूबसूरती में भी चार चांद लगेंगे। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यह व्यवस्था सही तरीके से लागू हुई तो उन्नाव को जाम से बड़ी राहत मिल सकती है।



