पीडब्ल्यूडी विभाग से जल्द मरम्मत कराने की मांग
फर्रुखनगर, मनोज यादव, अमृतधारा (पत्रकार)फर्रुखनगर -वजीरपुर रोड पर स्थित आईआईआई बैंक के सामने मुख्य चौक पर सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। यह चौक तहसील की ओर जाने वाले मार्ग, अनाज मंडी से वजीरपुर रोड जाने वाले रास्ते तथा बालाजी नगर कॉलोनी के मुख्य संपर्क मार्ग के रूप में उपयोग किया जाता है। सड़क पर बने गहरे खड्डे और ऊँचे-नीचे हिस्से के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ समय पहले लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा इस खड्डे की मरम्मत करवाई गई थी, लेकिन थोड़े ही समय बाद सड़क फिर से धंस गई और खड्डा पहले की तरह खतरनाक स्थिति में पहुंच गया। वर्तमान में इस स्थान से गुजरने वाले दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहन असंतुलित होकर गुजरने को मजबूर हैं। कई बार वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगानी पड़ती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह चौक दिनभर व्यस्त रहता है और यहां से बड़ी संख्या में लोग तहसील, अनाज मंडी, वजीरपुर रोड तथा बालाजी नगर कॉलोनी की ओर आवागमन करते हैं। सड़क की खराब हालत के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है तथा लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सडक की खस्ता हालत के कारण अत्यधिक धूल उड़ती है जिसके कारण दुकानदारों का बैठना भी दूभर हो रहा है ।
स्थानीय दुकानदार दिनेश रोहिल्ला, अंकित मेडिकल स्टोर संचालक , राकेश यादव,प्रेम यादव समाजसेवी, नाहर सिंह दबोदिया समाजसेवी, बाबू सरपंच उर्फ़ सुरेंद्र यादव, दीपू मिस्त्री, मनीष मिस्त्री, राज सिंह पूर्व सरपंच हरिनगर डूमा, संदीप यादव भाजपा नेता श्रीराम नगर मण्डल आदि ने पीडब्ल्यूडी विभाग से मांग की है कि सड़क पर बने इस गहरे खड्डे की तत्काल स्थायी मरम्मत करवाई जाए ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। लोगों का कहना है कि विभाग को अस्थायी पैचवर्क के बजाय मजबूत और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य करवाना चाहिए, जिससे समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि पीडब्ल्यूडी विभाग जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा और इस महत्वपूर्ण चौक की सड़क को सुरक्षित एवं सुगम बनाएगा।


