अशोक, बेलपत्र, गुड़हल, पीपल, नीम सहित औषधीय पौधे लगाए, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

गुरुग्राम, मनोज यादव, दैनिक अमृतधारा । जिले के फर्रुखनगर खंड के गांव डाबोदा स्थित बाबा मोहन राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से मंदिर परिसर एवं पंच पीर जोहड़ के समीप सफाई अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्वच्छता अभियान चलाकर आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।

पौधरोपण अभियान के दौरान अशोक, बेलपत्र, गुड़हल, पीपल, नीम सहित विभिन्न औषधीय एवं हर्बल पौधों का रोपण किया गया। ट्रस्ट सदस्यों ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। बढ़ते प्रदूषण और लगातार कम होते हरित क्षेत्र के बीच पौधरोपण करना समय की आवश्यकता है। लगाए गए पौधे न केवल वातावरण को स्वच्छ रखने में सहायक होंगे, बल्कि क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में ट्रस्ट के प्रधान श्रद्धानंद, सचिव भरत सिंह और कोषाध्यक्ष आजाद सिंह दहिया सहित अन्य ट्रस्ट सदस्य मौजूद रहे। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि मंदिर परिसर और आसपास के सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से सफाई अभियान के साथ पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, ताकि लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके।

जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रतिबद्ध है ट्रस्ट

बाबा मोहन राम मंदिर ट्रस्ट केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य कर रहा है। ट्रस्ट के उद्देश्यों में योग एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित करना, योग प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करना, स्वास्थ्य जांच शिविर लगाना तथा धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन एवं सरकार के स्तर पर सहयोग करना शामिल है।

इसके साथ ही ट्रस्ट द्वारा जरूरतमंद संस्थाओं को आर्थिक सहयोग, समाज में फैली कुरीतियों एवं फिजूलखर्ची के खिलाफ जागरूकता, जरूरतमंद लोगों को स्वावलंबी बनाने के लिए प्रशिक्षण, पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण तथा युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने जैसे कार्यों को भी अपने उद्देश्यों में शामिल किया गया है। ट्रस्ट द्वारा डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत, बेटी बचाओ जैसे सामाजिक अभियानों में भागीदारी, रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन तथा शिक्षा संस्थान एवं डिस्पेंसरी जैसी जनसुविधाएं विकसित करने की दिशा में कार्य करने का भी लक्ष्य रखा गया है।

जरूरतमंद वर्ग की सहायता पर भी जोर

ट्रस्ट के कार्यों में महिला एवं अनाथ आश्रम तथा गौशाला के निर्माण एवं संरक्षण, बेरोजगारों को स्वरोजगार के लिए सरकारी ऋण योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना, वित्तीय सहायता दिलाने में सहयोग करना, वॉलंटियर टीम का गठन, समाज के बेसहारा वर्ग के लिए वृद्धाश्रम जैसी सुविधाएं विकसित करना तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के भंडारे, जुलूस और निर्माण कार्यों में सहयोग करना भी शामिल है।

ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक सेवा, जनकल्याण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आपसी भाईचारे को मजबूत करना ट्रस्ट की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना तभी सार्थक होगा जब उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए। इस दौरान ट्रस्ट सदस्यों ने लगाए गए पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।

स्थानीय लोगों ने भी ट्रस्ट के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई के साथ पौधरोपण से जहां वातावरण स्वच्छ एवं सुंदर बनेगा, वहीं लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts