यमुनानगर। (अंजू प्रवेश कुमारी दैनिक अमृत धारा)जिले में पारिवारिक विवाद और मानसिक प्रताड़ना से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने कथित रूप से पत्नी और उसके प्रेमी से परेशान होकर जहरीला पदार्थ पीकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 38 वर्षीय जसबीर सिंह निवासी दामला के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर था और अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा तथा तीन बहनों का भाई था। उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब 15 वर्ष पहले उत्तर प्रदेश की निवासी नीतू के साथ हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद दांपत्य जीवन में तनाव बढ़ने लगा।
परिजनों के मुताबिक, नीतू पिछले चार वर्षों से अपने कथित प्रेमी मोहित (निवासी रोहतक) के साथ रह रही थी। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता रहता था। मृतक ने कई बार पत्नी को वापस घर आने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। आरोप है कि पत्नी और उसका प्रेमी दोनों ही उसे फोन कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे और धमकियां भी देते थे।
घटना के दिन भी दोपहर के समय पति-पत्नी के बीच फोन पर विवाद हुआ, जिसके बाद मानसिक तनाव में आकर युवक ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी नीतू और उसके प्रेमी मोहित के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (एबेटमेंट) का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts