हिसार। जिला सैन सभा हिसार की नवनियुक्त कार्यकारिणी ने कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा से शिष्टाचार भेंट कर समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें फूल-मालाएं, बुके व मिठाई भेंट की और समाज की ओर से सम्मान प्रकट किया।
मुलाकात के दौरान सभा की ओर से सैन धर्मशाला के नवीनीकरण, छात्रावास के विकास तथा परिसर में 5 किलोवाट सोलर सिस्टम स्थापित करने के लिए कुल 11 लाख रुपये की मांग रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को अवगत कराया कि धर्मशाला में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नवीनीकरण अत्यंत आवश्यक है। साथ ही, सोलर सिस्टम लगने से बिजली की निर्भरता कम होगी, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और लंबे समय में खर्च में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। मंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और समाज के हित में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला सैन सभा हिसार की नवनियुक्त टीम के अधिकतम संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे, जिससे संगठन की एकजुटता और सक्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम में संरक्षक डॉ. राजकुमार दिनोदिया, अध्यक्ष राममेहर हरिकोट, महासचिव नरेश सेलपाड़, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेन्द्र दिनोदिया, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र सरसाना कृष्ण तंवर खरबला मीडिया प्रभारी फूल कुमार अजमेरा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया और समाज के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में जिला सैन सभा हिसार के चुनावों एवं कार्यकारिणी विस्तार के तहत नई टीम का गठन किया गया है। इसमें राममेहर हरिकोट को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया, जबकि नरेश सेलपाड़ को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। नरेन्द्र दिनोदिया को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और राजेन्द्र सरसाना को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त कुलदीप सैन पाबड़ा व छाजूराम सरोहा को उपाध्यक्ष, इंस्पेक्टर भीम सिंह खांडा, बीडीसी राजकुमार (चौधरीवास) व श्रीभगवान (हांसी) को सह-सचिव, कृष्ण तंवर खरबला, एडवोकेट कुलदीप कानोरिया कानूनी सलाहकार सुनील दिनोदिया को सलाहकार आदि बनाया गया है।
नई कार्यकारिणी ने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य फोकस समाज के समग्र विकास पर रहेगा। इसमें धर्मशाला में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, शिक्षा को बढ़ावा देना, युवाओं के लिए रोजगार मार्गदर्शन और सामाजिक एकता को मजबूत करना प्रमुख लक्ष्य हैं। साथ ही, आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए सोलर ऊर्जा के माध्यम से संस्थानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।
सभा के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि सरकार के सहयोग से ये सभी योजनाएं जल्द ही धरातल पर उतरेंगी और समाज के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
फोटो कैप्शन: कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा को बुके व मिठाई देकर सम्मानित करते जिला सैन सभा हिसार के नवनियुक्त पदाधिकारी।



